अल्पसंख्यक वर्ग के छात्रों को मिले पर्याप्त एडमिशन
भोपाल| मप्र राज्य अल्पसंख्यक आयोग ने अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थाओं में अल्पसंख्यक वर्ग के छात्रों को पर्याप्त संख्या में प्रवेश नहीं मिलने की शिकायतों पर सरकार से इस मामले में नियमों में संशोधन करने का आग्रह किया है। आयोग अध्यक्ष नियाज मोहम्मद खान का कहना है कि उन्होंने एक पत्र शासन को लिखा है। इसमें कहा गया है कि ऐसी व्यवस्था बनाई जाए कि अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थाओं में न्यूनतम 51% अल्पसंख्यक वर्ग के छात्रों को प्रवेश मिल सके। खान ने बताया कि प्रदेश में राष्ट्रीय अल्पसंख्यक शैक्षणिक आयोग का राज्यस्तरीय संस्थागत ढांचा भी नहीं है। इसलिए इसकी जवाबदारी भी राज्य अल्पसंख्यक आयोग को सौंपी जानी चाहिए।