- Hindi News
- National
- Indore News Mp News More Than 10 Thousand Readymade Merchants Arrived In Readymade Garment Expo In Three Days
रेडीमेड गारमेंट एक्सपो में तीन दिन में पहुंचे 10 हजार से ज्यादा रेडीमेड व्यापारी
इंदौर रेडीमेड वस्त्र व्यापारी संघ द्वारा लाभगंगा गार्डन में आयोजित तीन दिनी गारमेंट एक्सपो 2020 का समापन रविवार को हो गया। इन तीन दिनों में एक्सपो में भारत के विभिन्न शहराें के साथ ही विदेशों से भी हजारों रेडीमेड व्यापारी पहुंचे। इसमें शहर के मैन्यूफेक्चरर्स को अगले छह महीने की बुकिंग्स मिल गई है। वहीं, इस एक्सपो के बाद से सफाई में नंबर वन बने इंदौर के मैन्यूफेक्चरर्स अब किड्स और यूथ के रेडीमेड गारमेंट सेगमेंट में भी नंबर वन बन गया है।
एक्सपो में शामिल होने पहुंचे 23 वर्षीय मैन्यूफेक्चरर विनर कंपनी के आदर्श निगम ने बताया कि चार साल पहले तक रेडीमेड गारमेंट इंडस्ट्री में देश के हर शहर के कल्चर के हिसाब से डिमांड थी, लेकिन अब देशभर में यूथ की डिमांड एक जैसी हो गई है। इस इंडस्ट्री की ग्रोथ बढ़ती रहेगी। हर साल बच्चों का साइज बढ़ता है। इससे उन्हें हर साल नए कपड़े की जरूरत होती है, जो कि इंडस्ट्री की ग्रोथ को बनाए रखती है।
किड्स सेगमेंट में इंदौर ने पछाड़ा मुंबई को
अमरावती के व्यापारी विजय हरवानी और केरल के व्यापारी पम्बा वासन ने बताया कि इंदौर के मैन्यूफेक्चरर्स ने अब अन्य शहराें के मुकाबले 30 प्रतिशत कम कीमत में यूथ सेगमेंट में पकड़ मजबूत की है। यहां पर कोई भी व्यापारी घूमने नहीं, बल्कि माल की बुकिंग करने के लिए ही आया है। किड्स सेगमेंट की बात करें तो उसमें इंदौर के मैन्यूफेक्चरर्स ने मुंबई को पछाड़ दिया है।
सबसे बड़ा मार्केट साउथ
इंदौर रेडीमेड वस्त्र व्यापारी संघ के आशीष निगम ने बताया कि इंदौर के मैन्यूफेक्चरर्स के लिए साउथ एक बड़ा मार्केट है। तमिनलाडु के व्यापारी डॉ. आसिफ अली और गणेश बाबा ने बताया कि पांच साल पहले तक इंदौर के रेडीमेड व्यापारी यूथ कलेक्शन में मुंबई और कोलकाता के फैशन को कॉपी करते थे, लेकिन इंदौर के गारमेंट सेक्टर ने बाजार की जरूरत को समझा और खुद को तेजी से बदला। अब यह हालत है कि इंदौर के फैशन को मुंबई और कोलकाता के व्यापारी कॉपी करते हैं।
इंदौर रेडीमेड वस्त्र व्यापारी संघ एक्सपो में बड़ी संख्या में व्यापारी पहुंचे।