- Hindi News
- National
- Rajpur News Mp News Nal Jal Yojana Work Stopped For Two And A Half Months 50 Percent Work Even After Three Years
ढाई माह से बंद पड़ा नल जल योजना का काम, तीन साल के बाद भी 50 प्रतिशत काम अधूरा
नगर में नल जल योजना के तहत 30 करोड़ रुपए की लागत से 70 किमी लंबी पाइप लाइन डालने का काम किया जा रहा है। तीन साल बाद भी अभी तक काम पूरा नहीं किया जा सका है। वहीं करीब ढाई माह से ठेकेदार ने पाइप लाइन डालने का काम बंद कर दिया है। इससे इस गर्मी में भी नगरवासियों को नल जल योजना
का लाभ नहीं मिलेगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्तमान में नगर में नगर परिषद पुरानी पाइप लाइन के माध्यम से पानी वितरित करवा रही है लेकिन नगर का विस्तार होने के कारण नगर के कई क्षेत्रों में पाइप लाइन नहीं होने से लोगों को नल की सुविधा नहीं मिल रही है। वहीं नल जल योजना का काम पूरा नहीं होने से इस गर्मी में भी लोगों को इसकी सुविधा नहीं मिलेगी। लोगों ने बताया ठेकेदार मनमानी से काम कर रहा है। करीब ढाई माह से काम बंद कर दिया है। इससे समय पर काम पूरा नहीं होने से लोगों को गर्मी में नल जल योजना का लाभ नहीं मिल पाएगा। ठेकेदार को कटर मशीन की जगह जेसीबी से सड़क खोदने के लिए नप नोटिस भी दे चुकी है। वहीं एक घर को क्षति पहुंचने के मामले में एसडीएम वीरसिंह चौहान ठेकेदार पर 1.48 लाख रुपए का जुर्माना भी लगा चुके हैं।
खुदाई में एक घर को क्षति पहुंचने पर एसडीएम ने लगाया 1.48 लाख का जुर्माना
लाइन डालकर देना हैं नल कनेक्शन
नगर परिषद सीएमओ अखिलेश डोंगरे ने बताया निर्माण कंपनी को पाइप लाइन डालने के बाद लोगों के नल कनेक्शन करके देना है लेकिन कंपनी अभी तक पाइप लाइन डालने का काम भी पूरा नहीं कर पाई है। इससे नई लाइन से अभी तक नल कनेक्शन नहीं दिए गए हैं। पाइप लाइन का काम पूरा होने के बाद नल कनेक्शन दिए जाएंगे। फिलहाल पुरानी पाइप लाइन से पानी वितरित किया जा रहा है।
नगर में 20 किमी तक डालना है लाइन
नप से मिली जानकारी के अनुसार कुल पाइप लाइन 70 किमी लंबी है। वहीं नगर में 20 किमी लंबी पाइप लाइन डाली जाना है। इसका काम तीन साल से रियान वाटर टैंक कंपनी ठेकेदार के माध्यम से करवा रही है लेकिन काम की गति धीमी होने से तीन साल में भी अब तक काम पूरा नहीं हो सका है। जबकि कंपनी को दो साल में काम पूरा करना था। 2019 से लोगों को नल जल योजना की सुविधा दी जानी थी लेकिन ठेकेदार की मनमानी के चलते अब तक काम पूरा नहीं हुआ है।
ठेकेदार को 2 साल में करना था लाइन डालने का काम
नगर में पाइप लाइन डालने का काम निर्माण कंपनी करीब तीन साल से कर रही है लेकिन अभी तक इसे पूरा नहीं कर सकी है। कंपनी द्वारा धीमी गति से कार्य किया जा रहा है। इससे इस बार भी गर्मी में नगर के रहवासियों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ेगा। जबकि कंपनी द्वारा टेंडर लेकर 2 साल में कार्य पूरा करना था।
अभी 50 फीसदी हुआ है काम
जानकारी अनुसार कंपनी ने अभी तक 50 फीसदी काम ही किया है। कई बार शिकायत होने के बाद भी ठेकेदार द्वारा जेसीबी से कार्य किया जा रहा था। इसके बाद नगर परिषद सीएमओ, इंजीनियर व एसडीएम ने नोटिस देकर कंपनी को जेसीबी से पाइप लाइन के लिए सड़क की खुदाई नहीं कराने के निर्देश दिए थे लेकिन 3 माह बाद भी ठेकेदार द्वारा कटर मशीन से खुदाई का कार्य चालू नहीं किया गया है।
संसाधन के अभाव में काम बंद
-जयपाल जमरे, सब इंजीनियर, नगर परिषद, राजपुर
नलजल योजना की पाइपलाइन डालने सड़क खुदवाते ठेकेदार।