- Hindi News
- National
- Indore News Mp News Nearly All Programs Scheduled For March Including Amir Khan Celebrations Canceled
अमीर खां समारोह सहित मार्च में होने वाले तकरीबन सभी कार्यक्रम निरस्त
कोरोना इफेक्ट
सिटी रिपोर्टर . इंदौर
कोरोनो वायरस के चलते स्कूल, सिनेमाघर और रंगपंचमी गेर जैसा विश्वस्तरीय आयोजन भी रद्द कर दिया। इसी के साथ प्रदेश सरकार अलग अलग शहरों में हो रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम भी निरस्त कर रही है। आयोजक खुद भी सुरक्षा की दृष्टि से कार्यक्रम या तो आगे बढ़ा रहे हैं या फिर निरस्त कर रहे हैं।
इसी के तहत 15 मार्च से शहर में होने वाला तीन दिनी संगीत समारोह राग अमीर भी निरस्त कर दिया गया है। 15 से 17 मार्च तक चलनेवाले इस कार्यक्रम में पहले दिन पंडित विश्वमोहन भट्ट का मोहनवीणा वादन होना था और आखिरी दिन सिराज व असद खां का सितारवादन तय था, मगर देश-दुनिया में कोरोना वायरस के कारण जो आपात स्थिति बनी हुई है, उसे देखते हुए उस्ताद अमीर खां साहब की याद में हर साल किया जाने वाला यह जलसा निरस्त हो गया है। इस बारे में मध्यप्रदेश उस्ताद उलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी के उपनिदेशक राहुल रस्तोगी ने बताया कि कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के कारण मध्यप्रदेश शासन ने यह निर्णय लिया है। यह संगीत समारोह में 15 मार्च से 17 मार्च रवीन्द्र नाट्यगृह में होने वाला था। तैयारियां एक महीने पहले से थीं लेकिन हालात ऐसे नहीं हैं कि सोशल गेदरिंग्स की रिस्क ली जाए। भोपाल में होने वाला मेघालय महोत्सव और थिएटर फेस्ट भी पोस्टपोन कर दिया गया है।
15 से 25 मार्च तक होने वाली रूपंकर कला प्रदर्शनी स्थगित
प्रदेशभर के कलाकारों की 54 कृतियां इस प्रदर्शनी में नुमाया की जाने वाली थीं। इस प्रदर्शनी को भी अब स्थगित कर दिया गया है। देवलालीकर कला वीथिका में लगाई जाने वाली इस प्रदर्शनी की आगामी तारीख तय होते ही सूचना दी जाएगी। इसी तरह स्वर पाखी के बैनर तले 20 मार्च को होने वाला कार्यक्रम जवां है मोहब्बत भी निरस्त कर दिया गया है।