- Hindi News
- National
- Bhopal News Mp News Ninehals Came Forward To Quench The Thirst Of Animals And Birds
पशु-पक्षियों की प्यास बुझाने आगे आए नौनिहाल
गर्मी के मौसम ने शहर में दस्तक दे दी है। इसके साथ ही दिन का तापमान बढ़ने लगा है। ऐसे में पशु-पक्षी पानी की तलाश में यहां-वहां भटकते रहते हैं। उनकी प्यास बुझाने का बीड़ा कुछ नन्हें बच्चों ने उठाया है। पक्षियों को आसानी से पानी पीने को मिल जाए, इसलिए जगह-जगह मिट्टी के सकाेरे रख रहे हैं।
ये बच्चे अपनी पॉकेटमनी अौर गुल्लक के पैसों से सकोरे खरीदते हैं। इसके बाद ये सकाेरे रहवासियों को मुफ्त में बांटते हैं। इसके लिए उन्होंने रविवार का िदन निश्चित किया है। इस दिन सब बच्चे इकट्ठे होते हैं। इसके बाद कोई एक कॉलोनी चुनकर वहां सकोरे बांटने निकल पड़ते है। लहारपुर स्थित बाग मुगलिया एक्सटेंशन कॉलोनी के ये बच्चे कॉलोनीवासियों को जागरूक कर रहे हैं। इन बच्चों का जज्बा देख कुछ महिलाएं, रहवासी और दुकानदार भी इनके अभियान से जुड़ गए हैं। सकोरे लेकर वे घर-घर पहुंचकर लोगों को देते हैं। इनमें पानी भरने के लिए घर के सदस्यों से आग्रह करते हैं।
इस वर्ष अब तक 80 से अधिक सकोरे बांट चुके हैं। एक बालक राम ने बताया कि भविष्य में उनकी तैयारी कुछ जगह सीमेंट की छोटी-छोटी टंकियां रखने की है। उनमें पानी भरा जाएगा, ताकि इसके जरिए गाय, बकरी, कुत्ते अपनी प्यास बुझा सकें। दो-चार बच्चों ने इस मुहिम की शुरुआत की थी। अब अन्य बच्चे जुड़ते जा रहे हैं।
पहल- छोटी सी शुरूआत बन गई मुहिम, मदद के लिए जुटे रहवासी, सकोरे-पानी की टंकियां मुहैया कराई