- Hindi News
- National
- Indore News Mp News Nirbhay Singh Patel College Will Increase The Capacity Of Students Will Become A Classroom
निर्भय सिंह पटेल कॉलेज में बढ़ेगी छात्रों की क्षमता, क्लासरूम बनेंगे
सरकारी कॉलेज निर्भय सिंह पटेल में नए सत्र 2020-21 से काफी बदलाव होंगे। डेढ़ हजार से ज्यादा छात्रों वाले इस कॉलेज में अभी क्षमता भी उतनी ही है। ऐसे में राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) के तहत मंजूर हुए 2 करोड़ में से एक करोड़ की लागत से 8 बड़े हॉल (क्लास रूम) तैयार हो रहे हैं। यह काम जुलाई से पहले पूरा हो जाएगा। इससे कॉलेज में लगभग चार सौ छात्रों के बैठने की क्षमता बढ़ेगी।
वहीं दूसरी तरफ वर्ल्ड बैंक से मंजूर हुए 4 करोड़ रुपए में से करीब सवा करोड़ की लागत से कॉलेज में 12 बड़े हॉल क्लास रूम और बनेंगे। इसमें कम से कम 600 छात्र बैठ सकेंगे। ऐसे में कॉलेज की कुल बैठक क्षमता ढाई हजार तक पहुंच जाएगी। इस साल वैसे भी कॉलेज में नए एडमिशन होने के बाद छात्रों की संख्या 2 हजार के पार हो जाएगी। प्राचार्य डॉ. अनिल महाजन के अनुसार रूसा और वर्ल्ड बैंक से निर्माण के लिए जो राशि मंजूर हुई है, उसके अनुसार क्लासरूम तैयार हो रहे हैं।
लैब बनेंगी, उपकरण खरीदेंगे
दोनों बजट से न सिर्फ क्लास रूम बढ़ेंगे, बल्कि लैब भी बन रही हैं। साथ ही रिसर्च के लिए आधुनिक उपकरण भी खरीदे जाएंगे। संभावना है कि संस्थान 2020-21 तक हाईटेक उपकरणों की खरीदी के साथ कई नए काम शुरू करेगा। इसमें स्मार्ट क्लास रूम की संख्या बढ़ाने से लेकर नए कोर्स और लाइब्रेरी के आधुनिकीकरण के प्रोजेक्ट शामिल हैं।
पीजी कोर्स का रास्ता खुलेगा
इधर, क्लास रूम की संख्या बढ़ने के बाद जल्द ही नए पीजी कोर्स का रास्ता साफ हो जाएगा। ऐसे में एमएससी में कम से कम तीन और बीएससी में दो और नई ब्रांच खुलने की उम्मीद बढ़ जाएगी। दो साल पहले तक होलकर साइंस कॉलेज में लगने वाले इस कॉलेज को सामने ही जीएसीसी परिसर में नई बिल्डिंग बनाकर दी गई थी।