तलैया क्षेत्र में दो दिन नहीं हुआ पानी सप्लाई
बड़े तालाब से तलैया से लेकर चौक और मंगलवारा क्षेत्र में पानी सप्लाई वाली 400 मिमी व्यास की पाइप लाइन का वाॅल्व खराब होने से तलैया और आसपास के क्षेत्र में बुधवार और गुरुवार दो दिन पानी सप्लाई नहीं हुआ। वाॅल्व के खराब होने से तलैया क्षेत्र के लिए छोड़ा जा रहा पानी भी चौक एरिया में जा रहा था। नगर निगम के इंजीनियरों के अनुसार खराब वाॅल्व बुधवार शाम को सुधार लिया गया, लेकिन एक दिन छोड़ कर पानी सप्लाई की व्यवस्था के कारण गुरुवार को यहां पानी सप्लाई नहीं हुआ। अब शुक्रवार को सामान्य रूप से सप्लाई होगी। हालांकि तलैया के रहवासियों का तर्क है कि इन दिनों उनके क्षेत्र में रोजाना पानी सप्लाई हो रहा है। पिछले दिनों संभागायुक्त कल्पना श्रीवास्तव ने नगर निगम को लीकेज सुधारने का अभियान चलाने और पूरे शहर में एक समान पानी सप्लाई व्यवस्था करने के निर्देश दिए थे।
मेट्रो रूट का डिजाइन जल्द करें तैयार
पुल बोगदा क्षेत्र में करीब 1100 मीटर की कोलार पाइप लाइन बदलने को लेकर आ रही अड़चन के मामले में संभागायुक्त कल्पना श्रीवास्तव ने मेट्रो रेल कंपनी को डिजाइन जल्दी तैयार करने को कहा है। नगर निगम के अफसरों का कहना है कि मेट्रो कंपनी केवल उन्हें अपने पिलर की लोकेशन बता दे। हम उस हिसाब से पाइपलाइन बिछा देंगे। कोलार पाइप लाइन बदलने के प्रोजेक्ट के पूरा होने में यह पाइप लाइन सबसे बड़ी अड़चन है।