- Hindi News
- National
- Sendhwa News Mp News Ophthalmologist On Leave For 4 Months Salary Withheld
4 माह से अवकाश पर नेत्र रोग विशेषज्ञ, वेतन रोका
जिला अस्पताल स्थित नेत्र यूनिट में पदस्थ हैं तीन डॉक्टर, मरीजों का इलाज नेत्र सहायकों के भरोसे
जिला अस्पताल में 2015 में हुए नेत्रकांड के बाद से व्यवस्थाएं गड़बड़ चल रही है। यहां स्थित नेत्र यूनिट में मरीजों का इलाज करने के लिए तीन डॉक्टर पदस्थ हैं लेकिन मरीजों का इलाज करने के लिए एक भी नहीं। दो डॉक्टर पिछले चार माह से अवकाश पर है। वहीं एक डॉक्टर ट्रेनिंग के लिए गया है। अवकाश पर जाने के बाद वापस नहीं लौटे डॉक्टरों का वेतन रोका है।
स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों ने बताया नेत्र यूनिट मंे पदस्थ डॉ. ज्योति बघेल चार माह से और डॉ. अब्दुल जफर हनफी पिछले पांच माह से अवकाश पर हैं। एक अन्य डॉक्टर को ट्रेनिंग पर जाना बताया जा रहा है। नेत्र यूनिट में डॉक्टर नहीं होने के कारण मरीजों का इलाज प्रभावित हो रहा है। नेत्र सहायक ही मरीजों का इलाज कर रहे हैं। नेत्र यूनिट में रोजाना 60 से 70 मरीज इलाज कराने पहुंचते हैं लेकिन गंभीर रूप से बीमार मरीजों को बिना इलाज के ही लौटना पड़ता है।
17 को लगेगा नेत्र शिविर
जिला अस्पताल के नेत्र यूनिट में 17 मार्च को मोतियाबिंद ऑपरेशन चयन के लिए शिविर लगाया जाएगा। शिविर में चयनित मरीजों को इंदौर के निजी अस्पताल भेजकर नि:शुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन कराए जाएंगे।
डॉक्टरों को भेजने की मांग की जा रही
डॉ. आरसी चोयल, सिविल सर्जन जिला अस्पताल बड़वानी।
इंदौर से दो दिन आता है डॉक्टर
नेत्र यूनिट में पदस्थ डॉक्टरों के अवकाश पर जाने के बाद से इंदौर से डॉ. अभिषेक पुरोहित माह में दो दिन के लिए आते हैं। वहीं प्रत्येक मंगलवार को सेंधवा के डॉक्टर आते हैं। इसके अलावा अन्य दिनों में कोई भी डॉक्टर जिला अस्पताल के नेत्र यूनिट में नहीं रहता। इमरजेंसी में मरीजों को निजी अस्पतालों का सहारा ही लेना पड़ता है।
नेत्र यूनिट में डॉक्टर की टेबल पर लिख रखी अवकाश की सूचना।