- Hindi News
- National
- Bhopal News Mp News Panchayat And Urban Body Elections Will Be Held From Evm Only
ईवीएम से ही होंगे पंचायत व नगरीय निकाय चुनाव
भोपाल| अब यह साफ हो गया है कि पंचायत व नगरीय निकाय चुनाव ईवीएम से ही होंगे। राज्य निर्वाचन आयुक्त बीपी सिंह ने गुरुवार को नगरीय निकायों व पंचायतों की फोटोयुक्त मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य के पर्यवेक्षण के लिए नियुक्त ऑब्जर्वर की कार्यशाला में यह बात कही। कांग्रेस ने नगरीय निकाय व पंचायत चुनाव मतपत्र से कराने की मांग की थी। उन्होंने राज्य निर्वाचन आयुक्त को ज्ञापन भी सौंपा था। कार्यशाला में सिंह ने कहा कि नगरीय निकाय व पंचायतों के आम चुनाव ईवीएम से ही कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि त्रुटिरहित मतदाता सूची बनाना आयोग का पहला उद्देश्य है। मतदाता का नाम एक ही स्थान पर होना चाहिए। आयोग के अवर सचिव प्रदीप शुक्ला ने बताया कि नगरीय निकायों में 244 और पंचायत चुनावों के लिए 534 अतिरिक्त मतदान केंद्र बनाए जा सकते हैं। नगरीय क्षेत्र में मतदाता संख्या 1000 से 1200 और ग्रामीण क्षेत्र में 500 से 700 पर मतदान केंद्र बनाने का प्रावधान है।