- Hindi News
- National
- Bhopal News Mp News Piyush And Avinash Took Seven Wickets Together Manit39s Team Was Piled On Just 56 Runs
पीयूष और अविनाश ने मिलकर चटकाए सात विकेट, मैनिट की टीम महज 56 रन पर ढेर
स्पोर्ट्स रिपोर्टर . भोपाल
पीयूष और अविनाश (सात विकेट) की सटीक गेंदबाजी के दम पर आरएनटीयू ने मैनिट को आठ विकेट से हराकर इंटर कॉलेज प्रीमियर लीग टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में आसान जीत दर्ज की है। एक अन्य मुकाबले में आईपर ने जेएलयू को 14 रनों से हराया। ओल्ड कैंपियन मैदान पर टैगोर की टीम ने पहले तो मैनिट को 56 रनों के छोटे से स्कोर पर समेटा। उसके बाद जीत के लिए जरूरी रन 7.2 ओवर में दो विकेट पर बना डाले। उसकी ओर से पीयूष ने नाबाद 26 और शिवम ने 12 रन का योगदान दिया। मैनिट के आतिफ और विश्वजीत ने एक-एक विकेट लिए। इससे पहले मैनिट के बल्लेबाज हर्षुल ने 18 और रोहन ने 11 रन बनाए। टैगोर की ओर से पीयूष ने 4 ओवर में 21 रन देकर चार विकेट चटकाए। जबकि अविनाश तिवारी ने 4 ओवर में 14 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। पीयूष को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दिन के दूसरे मुकाबले में आईपर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 170 रन बनाए। उसकी ओर से मनप्रीत ने 56 रनों की आतिशी पारी खेली। उन्होंने 42 गेंदों का सामना करते हुए अपनी अर्धशतकीय पारी में छह चौके और एक छक्के जमाए। हिमांशु ने भी 56 रन बनाए। राहुल यादव ने तीन विकेट लिए। सिद्धार्थ, मयंक, आर्यन और शुभम को एक-एक सफलतएं मिलीं। जवाबी पारी में जेएलयू की टीम 156 रन ही बना सकी। मयंक पटेल ने 39, श्रीकृष्णा ने नाबाद 21 और भुवन शर्मा ने 25 रन का योगदान दिया। आईपर कॉलेज के मनप्रीत और राहुल ने तीन-तीन विकेट लिए। मनप्रीत को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
{ जेएलयू के सलामी बल्लेबाज निखिल को शून्य पर आउट करने के बाद टीम के साथ सेलिब्रेट करते आईपर के राहुल।