बीआरटी कॉरिडोर में पुलिस वाहन ने ली बुजुर्ग की जान
कमला पार्क पर बीआरटी कॉरिडोर में पुलिस वाहन की टक्कर से घायल हुए स्कूटर सवार बुजुर्ग ने चार दिन चले इलाज के बाद दम तोड़ दिया। उस वक्त पुलिस की मिनी बस इकबाल मैदान से 26वीं बटालियन का बल लेकर पुलिस कंट्रोल रूम लौट रही थी। श्यामला हिल्स पुलिस ने मर्ग कायम कर बटालियन को पत्र लिखा है, ताकि बस जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा सके।
ये हादसा रविवार सुबह 80 वर्षीय मोहम्मद नासिर के साथ हुआ। पीर अब्बास साहब मस्जिद के पास, तलैया में रहने वाले नासिर सुबह करीब नौ बजे स्कूटर से घर लौट रहे थे। वे यहां स्कूटर में पेट्रोल डलवाने के लिए आए थे। कमला पार्क स्थित बीआरटी कॉरिडोर के कट प्वाइंट से वह घर की ओर मुड़े। तभी इकबाल मैदान की ओर से कॉरिडोर में आ रही पुलिस वाहन (मिनी बस) क्रमांक एमपी 03 ए 6013 ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल नासिर को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने गुरुवार सुबह दम तोड़ दिया। थाना प्रभारी भारत सिंह ने बताया कि वाहन क्रमांक के आधार पर बटालियन को पत्र लिखा गया है, ताकि उसे जब्त किया जा सके। इधर, होशंगाबाद रोड पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से घायल हुए 30 वर्षीय राजपाल अहिरवार की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। बीती आठ मार्च को वह निजी काम के सिलसिले में मिसरोद गए थे। रात करीब साढ़े दस बजे घर लौटते वक्त आशिमा मॉल के पास कार ने उन्हें टक्कर मार दी थी। मिसरोद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।