- Hindi News
- National
- Bhopal News Mp News Policy Will Be Made To Provide Private Water Connections To Colonies
कॉलोनियों को पानी के निजी कनेक्शन देने बनेगी नीति
यह भी कहा...जलस्रोतों में है पर्याप्त पानी, इसलिए राजधानी में नहीं होना चाहिए जल संकट
राजधानी में निजी काॅलोनियों के रहवासियों को पानी के बल्क कनेक्शन की बजाय व्यक्तिगत कनेक्शन देने के लिए नीति बनाई जाएगी। विभिन्न काॅलोनियों के रहवासी लंबे समय से इसकी मांग कर रहे हैं। संभागायुक्त और प्रशासक कल्पना श्रीवास्तव ने सोमवार को शहर की जलप्रदाय व्यवस्था की समीक्षा के दौरान यह निर्देश दिए।
शहर में नर्मदा जलप्रदाय शुरू होने के बाद से निजी काॅलोनियों में बल्क कनेक्शन की नीति लागू कर दी गई है। न केवल नर्मदा बल्कि कोलार और बड़े तालाब के जलप्रदाय क्षेत्र में भी बल्क कनेक्शन दिए जा रहे हैं। इसको लेकर विरोध और असंतोष की स्थिति बनती रहती है। संभागायुक्त ने कहा कि काॅलोनीवासियों की मांग पर व्यक्तिगत कनेक्शन की नीति बनाई जाए। उन्होंने मीटर रीडिंग के माध्यम से पानी के बिल की वसूली के लिए भी एक पॉलिसी बनाई जाए।
लीकेज सुधारने अभियान चलेगा
प्रशासक श्रीवास्तव ने कहा कि इस साल सभी जलस्रोतों में पर्याप्त पानी है इसलिए राजधानी में पानी का संकट नहीं होना चाहिए। संभागायुक्त ने शहर में लीकेज सुधार का अभियान चलाने को कहा। जलकर के 150 करोड़ रुपए बकाया को लेकर संभागायुक्त ने कहा कि 18 मार्च तक 75 फीसदी वसूली सुनिश्चित करें।
पुराने शहर में शुरू हो गई गंदे पानी की सप्लाई
पुराने शहर में चौक और आसपास के क्षेत्र में गंदा पानी सप्लाई होने की शिकायतें आना शुरू हो गईं हैं। पूर्व पार्षद संजीव गुप्ता ने कहा कि उन्होंने पार्षद निधि से जो बोरिंग कराईं थीं। परिषद कार्यकाल समाप्त होने के बाद निगम अफसर वहां मोटर फिटिंग नहीं कर रहे हैं।
मनुआभान की टेकरी पर बने प्लांट से जल्द हो पानी सप्लाई
उन्होंने मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के जीएम अमृतपाल सिंह से करबला के पंप हाउस में बिजली कनेक्शन जल्दी कराने को कहा। उन्होंने मनुआभान की टेकरी पर बने नए प्लांट से पानी सप्लाई भी शीघ्र शुरू करने को कहा। इस प्लांट का काम अंतिम चरण में है। संभागायुक्त ने शाहजहांनाबाद पानी की टंकी से सप्लाई जल्द शुरू करने के साथ उन क्षेत्रों में अभी से बेहतर इंतजाम करने को कहा जहां पिछले साल जलसंकट के हालात बने थे। उन्होंने कहा कि जहां जरूरत हो वहां नई टंकियां रखवाएं।