- Hindi News
- National
- Sendhwa News Mp News Pro Scindia And Sendhwa Vis Area Spokesperson Resigns Pansemal Mla Bid Rumor Of Contact With Bjp
सिंधिया समर्थक व सेंधवा विस क्षेत्र प्रवक्ता ने दिया इस्तीफा, पानसेमल विधायक बोलीं- भाजपा से संपर्क की बात अफवाह
प्रदेश में सियासी उठापटक का असर जिले में भी देखने को मिल रहा है। भाजपा व कांग्रेस में चर्चा का दौर है। ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने बैठक कर राजनीतिक समीकरणों पर चर्चा की। ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक और सेंधवा विधानसभा प्रवक्ता ने पद से इस्तीफा दे दिया है। सिंधिया के भाजपा में शामिल होने की संभावना में शहर में कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को रैली निकाली। वहीं जिले में अन्य स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर जश्न मनाया। बुधवार सुबह जिले में पानसेमल विधायक चंद्रभागा किराड़े के भाजपा के संपर्क में होने की भी चर्चा रही। हालांकि किराड़े ने इससे इनकार किया है। भास्कर से चर्चा में कहा कि मैं कांग्रेसी हूं। हम सब सीएम कमलनाथ के साथ हैं। वहीं मंत्री पद के सवाल को लेकर उन्होंने कहा कि सीएम से मंत्री बनाने के लिए चर्चा करूंगी।
मीडिया में भाजपा से संपर्क में होने के सवाल पर विधायक किराड़े ने वीडियो जारी किया है। इसमें उन्होंने कहा कि मैं कांग्रेस पार्टी से हूं और कांग्रेसी ही रहूंगी। सोशल मीडिया में कुछ लोग अफवाह फैला रहे हैं। मेरी ऐसी कोई मंशा भी नहीं है। मेरे बारे में गलत कहा जा रहा है। हम मुख्यमंत्री के साथ में है। हम बिकाऊ नहीं हैंं। मेरा भाजपा से कोई संपर्क नहीं है। कार्यकर्ता भी मेरे साथ हैं। हालांकि विधायकों की खरीद-फरोख्त के बीच दो दिन पहले विधायक किराड़े ने भोपाल जाकर सीएम कमलनाथ से मुलाकात की थी। वहीं दो दिन पहले पानसेमल क्षेत्र से सोशल मीडिया में किराड़े को मंत्री बनाने की मांग उठी थी। मंत्री पद के सवाल को लेकर किराड़े ने कहा- मुख्यमंत्री हमारे हैं। हमारी पार्टी है। मुख्यमंत्री से मंत्री पद देने के लिए चर्चा करूंगी।
विस चुनाव से पहले बलवाड़ी की सभा में भाजपा सरकार को हटाने के लिए फूलों की माला नहीं पहनने का संकल्प लेने वाले सिंधिया अब भाजपा में शामिल
गृहमंत्री बाला बच्चन बोले- जनता को भ्रमित कर रही है भाजपा
विधायक चंद्रभागा किराड़े के भाजपा के संपर्क में होने को लेकर बाला बच्चन ने कहा- भाजपा हथेली से हाथी गायब करने का काम कर रही है। इस तरह के हथकंडे अपनाकर झूठ फैला रही है। जनता को भ्रमित कर रही है। हमारी सरकार स्थिर है। सिंधिया समर्थक विधायकों की वापसी को लेकर कहा- हम सब साथ में हैं। सभी विधायक व मंत्री, मुख्यमंत्री कमलनाथ के साथ हैं।
विधानसभा क्षेत्र प्रवक्ता ने कहा- मैं भी
कांग्रेस में नहीं रहना चाहता
सेंधवा विधानसभा क्षेत्र के लिए नियुक्त प्रवक्ता डॉ. गंगाराम सिंगोरिया ने भी सिंधिया के इस्तीफा देने के बाद कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया। डॉ. सिंगोरिया ने कहा- सिंधिया को आदर्श मानते हैं। उनके कहने पर ही सरकारी नौकरी छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ली थी। लगातार उनकी उपेक्षा की जा रही थी। उनके पार्टी छोड़ने से मैं भी कांग्रेस पार्टी में रहना नहीं चाहता। मप्र प्रभारी दीपक बावरिया को इस्तीफा भेज दिया है।
विधायकों की खरीद-फरोख्त के बीच दो दिन पहले भोपाल में विधायक चंद्रभागा किराड़े ने सीएम कमलनाथ से मुलाकात की।
भोपाल में विधायकों के साथ सीएम हाउस पर पानसेमल विधायक चंद्रभागा किराड़े।
सिंधिया ने नवंबर 2018 में बलवाड़ी में ली थी सभा
विधानसभा चुनाव में 12 नवंबर 2018 को सिंधिया ने सेंधवा के बलवाड़ी में सभा ली थी। इसमें सिंधिया ने युवाओं में जोश भरा था। उन्होंने कहा था कि प्रदेश सरकार के भ्रष्टाचार और किसानों पर अत्याचार से जनता त्रस्त हो चुकी है। मैंने संकल्प लिया है कि जब तक इस सरकार को नहीं हटा देते, मैं फूलों की माला नहीं बल्कि सिर्फ सूत की माला ही पहनूंगा। वहीं बुधवार को सिंधिया के भाजपा में शामिल होने पर भाजपाई जश्न मना रहे हैं, जबकि सिंधिया के फूलों की माला नहीं पहनने पर पूर्व मंत्री अंतरसिंह आर्य ने कहा था कि सिंधिया सफेद कपड़े पहनते हैं। सफेद कपड़े फूलों से खराब हो जाते हैं। इसलिए सिंधिया फूलों की माला नहीं पहनते।
जनहितैषी योजनाओं को बंद करने से दुःखी थी जनता
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एस वीरास्वामी ने कहा- कमलनाथ की सरकार से आमजन परेशान हो गए थे। शिवराज सरकार की जनहितैषी योजनाओं को बंद कर कई गलत निर्णय लेकर जनता को परेशान किया गया। विकास आर्य ने कहा- प्रदेश का विकास न होकर ट्रांसफर उद्योग चल रहा था। सरकार से कांग्रेस के लोग ही दु:खी थे। इसलिए 20 से अधिक विधायकों ने इस्तीफा देना, इस बात को प्रमाणित करता है। छोटू चौधरी, रम्मू काका, अरुण चौधरी, मोहन जोशी, सुरेश गर्ग, निलेश अग्रवाल, राहुल पंवार, गणेश राठौड़, रोहित गर्ग, गोविंद पांडे, राजेंद्र गाडवे, विवेक तिवारी, केतन शर्मा मौजूद थे।