नर्मदाजल की पाइपलाइन फाेड़ने वालाें पर एफअाईअार दर्ज कराएं
शहर की जल प्रदाय व्यवस्था के लिए चारखेड़ा से आने वाली नर्मदा जल की पाइप लाइन पर अधिकारी-कर्मचारी लगातार नजर रखें। राजस्व व नगर निगम के अधिकारी मॉनिटरिंग करें, कही भी पाइप लाइन फूटी मिलती हैं तो आसपास के किसानों से पाइप लाइन फोड़ने वाले व्यक्ति का पता लगाकर उसके विरूद्ध प्रकरण दर्ज कराया जाए।
जिला पंचायत के सभाकक्ष में बुधवार काे साप्ताहिक समीक्षा बैठक में कलेक्टर तन्वी सुंद्रियाल ने इस संबंध के निर्देश निगमायुक्त काे दिए। उन्होंने पदस्थापना के बाद से अब तक अनुपस्थित जिला खेल अधिकारी काे निलंबित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने नगर निगम आयुक्त हिमांशु सिंह को स्वीमिंग पूल का शेष कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश भी दिए। जिला अस्पताल के नए भवन के लिए पाइप लाइन का अधूरा कार्य जल्दी पूरा कराया जाए। यदि संबंधित ठेकेदार कार्य में रूचि नहीं ले रहा हो तो उसे ब्लैक लिस्टेड करने की कार्यवाही कर नए ठेकेदार से काम कराया जाए।
इंडाेर स्टेडियम-स्वीमिंग पूल के पास बनेगा स्पाेर्ट्स सेंटर
कलेक्टर ने इंडोर स्टेडियम व स्वीमिंग पूल के आसपास स्थित रिक्त पड़ी शासकीय भूमि पर खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के लिए स्पोर्ट्स सेंटर तैयार करने के लिए कहा। उन्होंने सभी एसडीएम को एक सप्ताह में राजस्व वसूली बढ़ाने तथा सीएम हेल्पलाइन में दर्ज प्रकरणों के शीघ्रता से निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला श्रम पदाधिकारी को निर्देश दिए कि गन्ना रस की दुकानों की जांच के लिए विशेष अभियान शुरू करें। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राेशन कुमार सिंह, एसडीएम हरसूद डॉ. परीक्षित झाडे मौजूद थे।