- Hindi News
- National
- Roshani News Mp News Research Risk Of Obesity Diabetes And Chronic Diseases When Inhaling Contaminated Air
रिसर्च: दूषित हवा में सांस लेने पर मोटापा, डायबिटीज और पुरानी बीमारियों का खतरा
वायु प्रदूषण हमारे स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है। इस बात की नए स्टडी में भी पुष्टि की गई है। इसमें दावा किया गया है कि वायु प्रदूषण के कारण आंत के बैक्टीरिया पर भारी असर पड़ सकता है, जिससे मोटापा, मधुमेह, गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल समस्याएं और अन्य पुरानी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। जर्नल ‘इन्वायरनमेंटल इंटरनेशनल’ में प्रकाशित यह पहली रिसर्च है, जिसमें बताया गया है कि वायु प्रदूषण के कारण मनुष्य की आंत के माइक्रोबायोम की संरचना और काम करने का तरीका बदल जाता है। हमारे शरीर के भीतर रहने वाले खरबों सूक्ष्मजीवों के संग्रह को माइक्रोबायोम कहते हैं।
अमेरिका की कोलोराडो बोल्डर यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने पाया कि वाहनों से उत्सर्जित होने वाली गैसें जब सूर्य की रोशनी के संपर्क में आती हैं तो वे बेहद खतरनाक हो जाती हैं। इन्हें गैसियस पॉल्यूशन ओजोन कहा जाता है। स्टडी के मुताबिक इसके उच्च स्तर के संपर्क में आने वाले लोगों में माइक्रोबियल डाइवर्सिटी कम हो जाती है और उन्हें मोटापे के साथ-साथ कई अन्य बीमारियां घेर सकती हैं।
कोलोराडो बोल्डर यूनिवर्सिटी की एसोसिएट प्रोफेसर तान्या एल्डेरेट ने कहा, ‘पिछले कई अध्ययनों में हमें यह पता चल चुका है कि वायु प्रदूषक श्वास संबंधी बीमारियों के लिए जिम्मेदार होते हैं। लेकिन, इसका असर हमारी आंतों पर भी देखा गया है। वायु प्रदूषण के कारण इसकी पूरी कार्यप्रणाली प्रभावित हो सकती है।