- Hindi News
- National
- Bhopal News Mp News Revenge Of Father39s Murder Son Burnt Woman39s Slum Explosion In Cylinder Bike Also Destroyed
पिता के कत्ल का बदला लेने बेटे ने जलाई महिला की झुग्गी, सिलेंडर में हुआ धमाका, बाइक भी खाक
महिला के पति ने 50 दिन पहले ही की थी युवक के पिता की हत्या
गांधी नगर थाना क्षेत्र स्थित पारदी मोहल्ला में एक युवक ने महिला की झुग्गी में आग लगा दी। महिला के पति ने युवक के पिता की 50 दिन पहले हत्या कर दी थी। जब तक फायर ब्रिगेड का अमला मौके पर पहुंचा, तब तक आग से घर में रखी बाइक और पूरा सामान जलकर खाक हो गया। इस दौरान एक गैस सिलेंडर में धमाका भी हुआ। गनीमत रही कि इस दौरान कोई गंभीर घायल नहीं हुआ है। गांधी नगर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस ने कहा-
पिता के कत्ल की रंजिश में युवक ने कर दी आगजनी
गांधीनगर थाने के एएसआई खान ने बताया कि ये आग मोहल्ले में रहने वाले तनमन सिंह ने लगाई थी। कैप्सूल बाई के पति ब्याज सिंह ने बीती 20 जनवरी को तनमन के पिता नीमक का कत्ल कर दिया था। इस रंजिश में तनमन ने इस वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस ने तनमन को आगजनी के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
धुएं का गुबार देख पहुंची थी पुलिस
एएसआई लइक खान के मुताबिक ये वारदात 10 मार्च की सुबह 11:30 बजे हुई। उस वक्त थाना प्रभारी विजय सिंह सेंगर अपनी टीम के साथ इलाके में चैकिंग कर रहे थे। एक टीम इलाके में ड्रोन से फुटेज ले रही थी। तभी पारदी मोहल्ला से धुएं का गुबार उठता नजर आया। पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को बुलाया। ये आग मोहल्ले में रहने वाली कैप्सूल बाई के घर लगी थी। झुग्गी धूं-धूं कर जल रही थी। पुलिस कुछ करती, तभी अंदर रखे गैस सिलेंडर में जोरदार धमाका हुआ। इस धमाके से झुग्गी में रखी बाइक और अन्य सामान भी जलकर खाक हो गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड को आग पर काबू पाने में करीब 15 मिनट लगे, लेकिन तब तक झुग्गी और उसमें रखा पूरा सामान तबाह हो चुका था।
सब कुछ खाक
फायर ब्रिगेड के पहुंचने तक जलकर खाक हो चुका था घर में रखा सारा सामान