निमाड़ में पहला दौरा हरसूद विस क्षेत्र का करेंगे सिंधिया
हरसूद विधायक ने दिल्ली में सिंधिया से की मुलाकात
ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा में शामिल होने पर हरसूद में भाजपाइयों ने पहले ही दिन जश्न मनाकर अचरज में डाल दिया। दूसरे दिन गुरुवार को भाजपा के नए महाराज सिंधिया से पूर्व मंत्री विजय शाह ने नई दिल्ली में मुलाकात की। महाराज ने शाह से वादा किया कि राजनीतिक स्थिरता के बाद निमाड़ में वे पहला दौरा हरसूद का ही करेंगे। शाह ने भास्कर से कहा मार्च अंत में सिंधिया का हरसूद में नागरिक अभिनंदन किया जाएगा।
प्रदेश भाजपा ने अपने विधायकों को गुरुग्राम पहुंचाया है। तत्कालीन शिवराज सरकार के मंत्रियों को गुरुग्राम, नोएडा तथा नई दिल्ली के अलग-अलग स्थानों पर रखा गया है। इसी बीच हरसूद विधायक व पूर्व मंत्री विजय शाह को गुरुवार को नई दिल्ली में देश-प्रदेश की राजनीति में चर्चा का केंद्र बन चुके पूर्व सांसद ज्योतिरादित्य से मिलने का मौका मिल गया। समूचे निमाड़ से शाह एकमात्र जनप्रतिनिधि हैं जिन्होंने सिंधिया से सौजन्य भेंट कर भाजपा में प्रवेश पर शुभकामना दी।
चुनाव में सिंधिया ने दूरी बनाए रखी
2013 व 2018 के चुनाव में कांग्रेस के स्टार प्रचारक रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने हरसूद विधानसभा से हमेशा दूरी बनाए रखी। जबकि पड़ोसी विधानसभा मांधाता क्षेत्र में उन्होंने आमसभा ली थी।
उपचुनाव में 7 दिन रही थीं राजमाता
1979 में खंडवा लोकसभा उपचुनाव के दौरान कुशाभाऊ ठाकरे के चुनाव प्रचार के लिए राजमाता सिंधिया ने करीब एक सप्ताह तक हरसूद में डेरा जमाए रखा था। इस दौरान वे मकड़ाई में भी रुकी थीं।