- Hindi News
- National
- MORTAKKA News Mp News Seeing The Health Of Tourists Stay In The Lodge Hotel
पर्यटकों का स्वास्थ्य देखकर ही लॉज-होटल में ठहराएं
सतर्कता : पुनासा एसडीएम ने ओंकारेश्वर के लॉज-होटल संचालकों की बैठक ली
पूरे विश्व में इन दिनों कोरोना वायरस फैला हुआ है। भारत में भी मरीजों की संख्या बढ़ रही है। तीर्थनगरी में देश के साथ विदेशी पर्यटक भी आते हैं। होटल में प्रवेश से पहले पर्यटकों का स्वास्थ्य देखा जाए। कोई संदिग्ध पाया जाए तो पहले प्रशासन को सूचना दें। होटल-लॉज में साफ-सफाई के पर्याप्त इंतजाम रखें और पर्यटकों को बार-बार हाथ धोने के लिए कहें।
रंग पंचमी की शाम मांधाता थाना सभाकक्ष में आयोजित बैठक में पुनासा एसडीएम ममता खेड़े ने होटल, लॉज व धर्मशाला संचालकों को यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा स्वास्थ्य जांचने का यह मतलब नहीं है कि उसे अस्पताल ले जाया जाए। केवल यह देखा जाए कि उसे सर्दी, खांसी, बुखार आदि तो नहीं है। पर्यटक कहां से आया है, कितने दिन रहेगा, इसकी पूरी जानकारी रखें। उल्लेखनीय है ओंकारेश्वर में आए दिन विदेशी पर्यटक दिखाई देते हैं। कोरोना भी विदेशी सैलानियों के माध्यम से ज्यादा फैल रहा है। मीडिया ने इनसे सतर्कता व सावधानी रखने के लिए प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया था। इस पर कलेक्टर तन्वी सुन्द्रियाल ने एसडीएम को यह बैठक लेने के निर्देश दिए थे।
विदेश से कोई आएगा तो पहले ही सूचना मिल जाएगी
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डीएस चौहान ने बताया प्रदेश में अब तक कोरोना का कोई मरीज सामने नहीं आया है। कोई भी विदेशी पर्यटक ओंकारेश्वर आएगा तो विभाग के पास इसकी जानकारी पहुंच जाएगी। अभी किसी पर्यटक के आने की सूचना नहीं है। जो भी आ रहे हैं वे विदेशी पर्यटक पहले से ही भारत में रह रहे हैं।
एसडीएम खेड़े ने मांधाता थाने में तीर्थनगरी के होटल संचालकों से चर्चा की।