- Hindi News
- National
- Niwali News Mp News Seven Day Shrimad Bhagwat Katha To Be Organized From 19
19 से होगा सात दिनी श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन
नगर से 5 किमी दूर ग्राम डुमरिया खुर्द में 19 मार्च से 7 दिनी संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन होगा। सभी गांव वालों ने रविवार को गांव में बैठक कर ये निर्णय लिया। कथा का वाचन कमल किशोर नागर करेंगे। बैठक में आयोजन को लेकर तैयारियों पर चर्चा की गई। साथ ही समितियां बनाकर सभी समितियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
सात दिनी संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा 19 मार्च से शुरू होकर 25 मार्च तक चलेगी। कथा सुनने के लिए रोजाना 30 हजार श्रद्धालु कथा स्थल पहुंचेंगे। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई। इस दौरान सैकड़ों ग्रामीण बैठक में शामिल हुए। आयोजन मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि भागवत कथा के लिए 10 एकड़ भूमि में पंडाल सजाया जाएगा। यहां महिलाओं और पुरुषों के बैठने की अलग-अलग व्यवस्था की जाएगी। साथ ही बाहर से आने वाले करीब 2 हजार श्रद्धालुओं के लिए यहां ठहरने व भोजन की व्यवस्था होगी। ये सब व्यवस्थाएं करने के लिए समितियों को जिम्मेदारी दी गई है। यहां आने वाले दो मुख्य मार्गों से सभा स्थल तक पहुंच सकेंगे। जगह-जगह पर पहुंच मार्ग के निशान और दिशा सूचक बोर्ड लगाए जाएंगे। ताकि श्रद्धालुओं को कथा स्थल तक पहुंचने में आसानी हो सके। इस दौरान नगर के खेड़ापति सेवा संस्थान, व्यापारी संघ, ग्राम के सामाजिक संगठन के वरिष्ठ नगरवासी, युवा शक्ति के सभी कार्यकर्ता सहित बड़ी
संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
भागवत कथा को लेकर बैठक में चर्चा करते ग्रामीणजन।
स्वास्थ्य कैंप की रहेगी सुविधा
समिति द्वारा कथा स्थल पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग के लिए व्यवस्था की जाएगी। साथ ही यहीं स्वास्थ्य सेवाओं के लिए क्लीनिक की सुविधा भी की जाएगी। ताकि आकस्मिक स्थिति में श्रद्धालुओं को मौके पर ही प्राथमिक इलाज मिल सके।