- Hindi News
- National
- Anjad News Mp News Shrimad Bhagwat A Good Society Will Be Made With Good Conduct
श्रीमद् भागवत : अच्छे आचरण से बनेगा सुंदर समाज
कथा के समापन पर पं. नर्मदा प्रसाद ने कहा-
ग्राम भमोरी में चल रही सात दिनी श्रीमद् भागवत कथा का रविवार को समापन हुआ। भागवत कथा में चार वेद पुराण, गीता व श्रीमद् भागवत महापुराण की व्याख्या कथावाचक नर्मदा प्रसाद ने की। सात दिनों तक चले सत्संग में भगवान श्रीकृष्ण के वात्सल्य प्रेम के अलावा उनके द्वारा की गई विभिन्न लीलाओं का सुंदर वर्णन कर वर्तमान समय में व्याप्त अत्याचार, अनाचार, कटुता, व्यभिचार को दूर कर सुंदर समाज के निर्माण के लिए युवाओं व युवतियों को प्रेरित किया।
इस धार्मिक अनुष्ठान के सातवें दिन भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं में रासलीला, मथुरा गमन, कंस वध, कुब्जा उद्धार, कृष्ण-रुक्मिणी विवाह, शिशुपाल वध व सुदामा चरित्र का वर्णन कर लोगों को भक्ति रस में डुबो दिया। इस दौरान भजन टोली ने सुंदर भजनों की प्रस्तुतियां दी। कथा वाचक ने कहा कि सुंदर समाज का निर्माण अच्छे आचरण व प्रेम के माध्यम से किया जा सकता है। हिंसा व बुरे आचरण से अच्छे समाज का निर्माण संभव नहीं हो सकता। कथा के दौरान गृहमंत्री बाला बच्चन भी शनिवार को भागवत कथा का श्रवण करने पहुंचे थे। सात दिनी श्रीमद् भागवत कथा के आयोजन में ग्राम सहित आसपास के दूरदराज क्षेत्र से सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष व बुजुर्गों ने कथा श्रवण कर धर्म लाभ लिया। कथा के समापन के बाद भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर भोजन प्रसादी ग्रहण की।
भागवत कथा के समापन पर आरती करते श्रद्धालुजन।