- Hindi News
- National
- Khandwa News Mp News Students Bid From Sdm We Do Not Want Salomon Madam You Can Cancel Transfer Of Tomar Madam
एसडीएम से छात्राएं बोली: हमें नहीं चाहिए सालोमन मैडम, आप तोमर मैडम का तबादला करे निरस्त
कन्या शिक्षा परिसर आशापुर की 6वीं से 10वीं कक्षा तक की छात्राओं एवं उनके परिजन ने वर्तमान अधीक्षक को हटाए जाने का विरोध किया। अधीक्षक का तबादला रोकने की मांग को लेकर छात्राएं परिजन के साथ कलेक्टर से मिलने पहुंची। बैठक में होने के कारण कलेक्टर तन्वी सुंद्रियाल की जगह आदिम जाति कल्याण विभाग के सहायक संचालक नीरज पाराशर और एसडीएम हरसूद परीक्षित झाड़े ने छात्राओं से चर्चा की। छात्रा शिवकन्या महिले ने कहा आप वर्तमान अधीक्षक ज्योति तोमर का तबादला निरस्त करे। उनकी जगह पर पूर्व में भी अधीक्षक के पद पर तैनात म्यूरियल सालोमन हॉस्टल में नहीं चाहिए। सालोमन मैडम सोमवार को छात्रावास में आई थी। तब कशिश नाम की छात्रा ने नमस्ते किया तो मैडम ने उसका हाथ मरोड़ दिया। वहीं कशिश ने कहा सालोमन मैडम हाथ मरोड़ने के बाद घूर कर हमें देख रही थीं। छात्राओं एवं उनके परिजन की मांग के बाद अधिकारियों ने तोमर का तबादला रोके जाने का आश्वासन देकर उन्हें रवाना किया।
छात्राएं बोली बार-बार अधीक्षक बदलने से डिस्टर्ब हो रही पढ़ाई
छात्राओं ने अधिकारियों से कहा हम लोगों की तोमर मैडम के साथ अच्छी ट्यूनिंग हो गई है। पहले भी दो साल उनके साथ रहकर पढ़ चुकी हैं। बार-बार अधीक्षक बदलने से हमारी पढ़ाई डिस्टर्ब हो रही है। अभी हमारी बोर्ड की परीक्षाएं चल रही हैं, ऐसे में अधीक्षक का बदला जाना हमें परेशान कर रहा है।
बाढ़ में फंसी थी छात्राएं, कमिश्नर ने किया था सालोमन को निलंबित
29 जुलाई-2019 में आई बाढ़ के दौरान छात्राएं आशापुर में फंस गई थी। उस वक्त हास्टल की अधीक्षक म्यूरियल सालोमन थी। आदिम जाति कल्याण विभाग के सहायक संचालक पाराशर ने बताया इंदौर कमिश्नर ने सालोमन को निलंबित किया था। कुछ दिन पहले ही उन्हें नियमित करते हुए दोबारा कमिश्नर इंदौर ने आशापुर हॉस्टल में पदस्थ किया। अब छात्राओं ने उनकी नियुक्ति का विरोध किया है तो उच्च अधिकारियों को इससे अवगत कराएंगे। एसडीएम को भी छात्राओं ने अपनी मांग से अवगत कराया।