- Hindi News
- National
- Indore News Mp News Success Story Of Mp39s Divyang Swimmer Satendra Lohia Who Has Crossed The English Channel Will Be Shown To The Countrymen
इंग्लिश चैनल पार कर चुके मप्र के दिव्यांग तैराक सतेंद्र लोहिया की सक्सेस स्टोरी दिखाई जाएगी देशवासियों को
मैं गुरुवार को इंदौर में था। शाम 6 बजे दिल्ली के पीएमओ ऑफिस से फोन आया कि शुक्रवार को 11 बजे संसद भवन में पीएम नरेंद्र मोदी से आपकी मीटिंग है। पहले तो मुझे विश्वास नहीं हुआ। लगा कोई मजाक तो नहीं कर रहा है, लेकिन पुष्टि होने के बाद मैंने दिल्ली के लिए उड़ान भरी। शुक्रवार को 10.30 बजे संसद भवन पहुंचा। वहां कुछ देर इंतजार करने के बाद मुझे संसद भवन में बने पीएम कक्ष में मिलने के लिए भेजा गया। मोदी जी को सामने देख मन ही मन खुशी का ठिकाना नहीं रहा। मिलते ही उन्होंने सबसे पहले मेंरे अचीवमेंट को देखा और सुना। पिछले साल इंग्लिश चैनल पार करने के दौरान सुगम्य भारत और स्वच्छ भारत अभियान के बैनर के माध्यम से जो लंदन में प्रचार किया उसकी उन्होंने जमकर प्रशंसा की और आगे अच्छे कार्य करने के लिए प्रोत्साहित भी किया। साथ ही अपने पीएमओ को मेरे खेल करिअर और अचीवमेंट की सक्सेस स्टोरी नोट करने के लिए कहा, ताकि आगामी समय में यह स्टोरी लोगों के बीच शेयर की जा सके। उनसे भेंट के दौरान उनके द्वारा कहे गए एक-एक शब्द मेरे कान में अभी भी गूंज रहे हैं।
पीएम मोदी ने किया ट्वीट
सतेंद्र से मिलने के बाद पीएम मोदी ने ट्वीट कर प्रशंसा की।
जैसा पीएम मोदी से मिलने के बाद दिव्यांग तैराक और विक्रम अवार्डी सतेंद्रसिंह लोहिया ने भास्कर को बताया।
अब आयरलैंड का नार्थ चैनल पार करने की चुनौती
सतेंद्र 10 जुलाई 2020 काे आयरलैंड जाएंगे। वहां वे 7-8 डिग्री तापमान में करीब 36 किलोमीटर तैरकर नार्थ चैनल पार करेंगे। इसके लिए उन्हें करीब 11-12 घंटे तैरना होगा। ग्वालियर निवासी सतेंद्र इंदौर में कामर्शियल टैक्स डिपार्टमेंट में क्लर्क हैं। उन्हें 2014 में विक्रम अवॉर्ड मिला थाा, उसी के आधार पर उन्हें खेल कोटे में जॉब मिला है। वे शुक्रवार रात को ग्वालियर लौट आए ।
सिडनी में जीता था पहला इंटरनेशनल गोल्ड
2007 में तैराकी शुरू करने के बाद 7 नेशनल और 3 इंटरनेशनल पैरा स्वीमिंग चैंपियनशिप में भाग ले चुके हैं। नेशनल में कुल 20 मेडल जीते हैं, जिसमें 5 गोल्ड शामिल हैं। पहला इंटरनेशनल गोल्ड मेडल मार्च 2017 सिडनी में मिला था। इसके अलावा 23 जून 2018 को लंदन में इंग्लिश चैनल रिले पार किया था। उसके बाद 18 अगस्त 2019 को यूएसए में कैटलीना चैनल पार कर दूसरी उपलब्धि हासिल की।