- Hindi News
- National
- Indore News Mp News The Absconding Advisors Used To Threaten Investors For Settlement Six Identified
फरार एडवाइजरी संचालकों से सेटलमेंट के लिए निवेशकों को देते थे धमकी, छह की पहचान
एडवाइजरी कंपनी के फरार संचालकों से सेटलमेंट करने के लिए शिकायतकर्ता निवेशकों को धमकी देने वाले छह बिचौलियों को क्राइम ब्रांच ने चिह्नित किया है। ये लोग जहां कंपनियों से निवेशकों को रुपए दिलाने का झांसा देते थे, वहीं संचालकों से भी रुपए लेते थे।
क्राइम ब्रांच एएसपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि शहर में 100 से ज्यादा फर्जी एडवाइजरी कंपनियां हैं। इनमें से अधिकांश की हम निगरानी कर रहे हैं। जिन भी निवेशकों ने सेबी के पोर्टल पर शिकायतें की हैं, उन सभी पीड़ितों की जानकारी ली जा रही है। सूत्रों की मानें तो विजय नगर में संचालित एडवाइजरी कंपनियों के निवेशकों को धमकाने में सुनील राठौर, विवेक झा, संजय वैद, प्रशांत मिश्र और दो अन्य लोग हैं। इन्होंने केस दर्ज होने या सेबी पर शिकायत मिलने के बाद निवेशकों को धमकाया है। इन्हें भी जल्द पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। हालांकि क्राइम ब्रांच को
कोई लिखित शिकायत इनके खिलाफ नहीं मिली है, लेकिन शहर से बाहर के कई निवेशकों ने इनके नामों का जिक्र किया है।
विजय नगर में भी बुजुर्गों को ठग चुके दर्द का इलाज करने वाले
इंदौर | दर्द का इलाज करने के बहाने ठगी करने वाली गैंग ने विजय नगर और राजेंद्र नगर में भी तीन बुजुर्गों से वारदात की है। जब अखबारों में इसकी खबरें आई तो तीन बुजुर्गों न आकर शिकायतें की है। पुलिस अब उनके केस दर्ज कर जांच शुरू की है। तिलक नगर टीआई धर्मेंद्र शिवहरे के अनुसार घुटनों में सुई चुभोकर मुंह से चूसकर खून की बूंदों को एसिड बताकर ठगने वाली गैंग ने विजय नगर में दोे और राजेंद्र नगर में एक वारदात कबूली है। खबरों को देखने के बाद तीन लोगों ने तिलक नगर पुलिस ने संपर्क किया है। राजेंद्र नगर के बुजुर्ग से 1 लाख रुपए, विजय नगर में बुजुर्ग के 50 हजार रुपए और एक महिला से 7 हजार रुपए की ठगी की है। टीआई ने इन सभी लोगों को संबंधित थानों पर शिकायत करने को कहा है। इसके आधार पर आरोपियों से पूछताछ की जाएगी। पुलिस ने आरोपियों से उनकी वेन भी जब्त कर ली है।
सेबी ने क्राइम ब्रांच को सौंपी 22 ब्लैक लिस्टेड कंपनियों की लिस्ट
इंदौर | सेबी ने 22 ब्लैक लिस्टेड एडवाइजरी कंपनियों की सूची क्राइम ब्रांच को सौंपी है। इन कंपनियों की शिकायतों के लिए एएसपी राजेश दंडौतिया को नोडल अधिकारी बनाया गया है। एएसपी ने बताया कि एडवाइजरी कंपनियों के खिलाफ अन्य प्रदेशों के कई पीड़ित लगातार शिकायत करने आ रहे हैं। सर्वाधिक पीड़ित और बड़ी राशि से घाटा खाने वालों में गुजरात के लोग हैं। सेबी से हमें जिन 22 ब्लैक लिस्टेड कंपनियों की सूची मिली है, उनमें कैपिटल ट्रू फाइनेंशियल सर्विस, झोडी रिसर्च, हाईब्रो मार्केट रिसर्च, ट्रेड ब्रिज रिसर्च, प्रीमियम रिसर्च फाइनेंशियल सर्विस, प्रीमियम कैपिटल सर्विस, एमआई रिसर्च, स्टार इंडिया मार्केट रिसर्च, कैपिटल हीड फाइनेंशियल रिसर्च, कोर इनवेस्टमेंट रिसर्च, कोर ग्रुप, स्मार्ट ट्रेड्स, थ्री एम टीम रिसर्च, रिसर्च इन्फोटेक, ट्रेड इंडिया रिसर्च, एपिक रिसर्च, मनी क्लासिक, रिपल्स एडवाइजरी प्रालि, मनी डिजायर, द यूकॉम फाइनेंस रिसर्च, प्रॉफिट गुरु और इन्वेस्ट मार्ट लिमिटेड कंपनियां शामिल हैं। इस नाम की कंपनियों को लेकर क्राइम ब्रांच एडवाइजरी भी जारी कर रही है कि इन नामों से कोई भी निवेश एडवाइज न ले। ये सभी ब्लैक लिस्टेड हैं।