- Hindi News
- National
- Khandwa News Mp News The Coldest Panchami In 8 Years North Wind Increased Cold Now It Will Be Hot Day And Night
8 साल में सबसे ठंडी पंचमी... उत्तरी हवा ने बढ़ाई ठंडक, अब गर्म हाेंगे दिन व रात
इस साल धुलेंडी से लेकर रंगपंचमी तक ठंडे मौसम में मनाई जा रही है। शनिवार को रंगपंचमी मनाई जाएगी। इस बीच मौसम सर्द रहेगा। मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक पंचमी के बाद दिन व रात धीरे-धीरे गर्म होने लगेंगे। अभी हवा का रुख उत्तरी है, इसलिए ठंड लग रही है। दक्षिणी रुख होने से मौसम में गर्माहट आ जाएगी।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बीते 8 साल में दिन का तापमान 35 से 37 डिग्री व रात का तापमान 18 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। जबकि इस बार मार्च में सिर्फ एक मार्च को दिन का तापमान 35.1 दर्ज हुआ था। 2 मार्च को रात का तापमान 17.4 तक पहुंच गया था। इसके बाद से दिन व रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज हुई। जो कि अब तक जारी है। पिछले एक एक सप्ताह से दिन का तापमान 30 से 31 व रात का 15 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हो रहा है। सुबह कड़ाके व रात को कड़ाके की ठंड का अहसास हो रहा है। दोपहर में धूप निकल रही है। मार्च के 14 दिन बीत जाने के बाद भी गर्मी शुरू नहीं हुई। लोग यह तय नहीं कर पा रहे है कि गर्म कपड़े बाहर रहने दे या फिर उसे रख दे। शनिवार को न्यूनतम तापमान 14 व अधिकतम 31.5 डिग्री रिकार्ड हुआ। जो कि 10 साल के तापमान में सबसे कम है।
रंगपंचमी के दिन पिछले 8 साल में इस तरह रहा पारा
वर्ष रंगपंचमी न्यूनतम अधिकतम
2020 14 मार्च 14 31.5
2019 25 मार्च 18.0 37.1
2018 07 मार्च 18.4 36.1
2017 17 मार्च 15.4 35.5
2016 29 मार्च 18.8 38.5
2015 11 मार्च 15.0 34.1
2014 21 मार्च 18.4 36.5
2013 01 अप्रैल 19.0 35.1
(स्त्रोत : स्थानीय तापमानी केंद्र के अनुसार, वर्ष 2020 का आंकड़ा संभावित)
आगे क्या... मौसम इसलिए हो रहा ठंडा-गरम, ओले भी गिर रहे
मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार नायक के मुताबिक उत्तरी क्षोभ मंडल स्तर तक फैला हुआ चक्रवाती संचरण के रूप में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस अब उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों पर टिका हुआ है। इस प्रणाली से प्रेरित एक चक्रवाती संचरण हरियाणा और आसपास के इलाकों में निचले स्तरों में बना हुआ है। वहीं वातावरण में गर्मी के बीच एकदम से ठंड आती है तो दोनों के मिलने से बारिश, ओले की स्थिति बनती है।
फसल के लिए अच्छा मौसम
गेहूं की फसल पकने के लिए दिन का तापमान 30 डिग्री से ज्यादा होना जरूरी है। जबकि खंडवा व आसपास के जिलों में एक मार्च से ही दिन का तापमान 30 डिग्री से ज्यादा दर्ज हो रहा है।
पूर्वानुमान : 15 मार्च के बाद बढ़ेगा तापमान
विक्षोभ का असर समाप्त होते ही गर्मी बढ़ेगी। 15 मार्च के बाद दिन का तापमान करीब 34 डिग्री तक जाएगा। वहीं रात का 18 से 20 डिग्री तक पहुंचेगा।
फाल्गुन की विदाई के बाद मौसम सुहाना हो गया है। आबना नदी पर लोग शौकिया तौर पर मछली मारने आ रहे हैं।