- Hindi News
- National
- Bhopal News Mp News The Driver Entered The Hanumanganj Police Station After Taking A Drunk Car
शराब के नशे में कार लेकर हनुमानगंज थाने में ही घुस गया ड्राइवर
हनुमानगंज थाना परिसर में जब्त कार।
भोपाल | एक युवक को शराब का इतना अधिक नशा हो गया कि उसको रास्ता ही समझ नहीं आ रहा था। नशे में वह अपनी कार लेकर थाना परिसर में ही पहुंच गया। पुलिस ने जब कार चालक को देखा तो वह चलने की स्थिति में ही नहीं था। पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत केस दर्ज कर कार को जब्त कर लिया है। कार अब कोर्ट में जुर्माना भरने के बाद ही छूटेगी। यह घटना हनुमानगंज थाने में रात लगभग सवा एक बजे की है। इसके पहले दोपहिया वाहन चालक भी रास्ता भटककर थाना परिसर में घुस चुके हैं।
हनुमानगंज थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि शनिवार रात सवा एक बजे वेगनआर चालक नादरा बस स्टैंड की मुख्य सड़क से थाना परिसर के अंदर आ गया था। वह काफी नशा किए हुआ था। पूछताछ में अारोपी ने अपना नाम आशीष हेडली बताया। जब उससे नशे में थाने आने का कारण पूछा तो उसने बताया कि उसे रास्ता समझ नहीं आया तो वह थाने के अंदर आ गया। पुलिस ने उसका वाहन जब्त कर लिया है। वाहन अब कोर्ट में जुर्माना भरने के बाद ही छूट सकेगा। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्ट कम से कम 10 हजार रुपए का जुर्माना करती है।