पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Sendhwa News Mp News The Speed Of The Sewerage Line Is Closed After The Contractor Fined

ठेकेदार पर जुर्माना लगाने के बाद तेजी आना तो दूर बंद पड़ा है सीवरेज लाइन का काम

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

शहर में अंडर ग्राउंड सीवरेज परियोजना का अब तक 10 प्रतिशत ही काम हो पाया है। एमपी अर्बन डेवलपमेंट कंपनी(एमपीयूडीसी) के अफसर व जर्मन दल ने पिछले माह निरीक्षण कर नाराजगी जाहिर की थी और जुर्माना भी लगाया गया, लेकिन निरीक्षण के 20 दिन बाद भी काम में तेजी नहीं आई है।

अंडर ग्राउंड सीवरेज परियोजना के तहत 30% से अधिक काम पूरा हो जाना चाहिए, लेकिन 10% ही हो पाया है। काम बंद होता रहता है। एमपी अर्बन डेवलपमेंट कंपनी (एमपीयूडीसी) तकनीकी अधिकारी कमलेश भटनागर व जर्मन बैंक केएफडब्ल्यू के दल ने 24 फरवरी को निरीक्षण किया था। परियोजना के तहत सेमल्या में बन रहे सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के अलावा ग्रामीण थाने के पास पंपिंग स्टेशन के लिए शासन से मिली जमीन एवं शिव कॉलोनी में पाइप लाइन डालने का काम देखा। एमपीयूडीसी के तकनीकी अधिकारी ने ठेका लेने वाली कंपनी पर 50 हजार रुपए जुर्माना लगाने की जानकारी दी थी। साथ ही अप्रैल तक काम में गति नहीं लाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी थी, हालांकि दौरे के 20 दिन बाद भी काम में तेजी नहीं दिख रही। फिलहाल काम बंद है।

दो साल है समयावधि

योजना के तहत घरों से निकलने वाले दूषित पानी को साफ कर गोई नदी में छोड़ा जाएगा। शहर में 94 किलोमीटर पाइप लाइन डाली जाएगी। 13 हजार 200 घरों को जोड़ा जाएगा। ग्रामीण थाने के पास पंपिंग स्टेशन बनेगा। गोई नदी के पास ट्रीटमेंट प्लांट का काम चल रहा है। कुछ स्थानों पर पाइप लाइन डाली गई है। परियोजना की लागत 94 करोड़ रुपए है। जर्मन बैंक केएफडब्ल्यू ने इसके लिए लोन दिया है। दो साल में काम पूर्ण करना है। सीवरेज परियोजना के तहत सेमल्या में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जा रहा है। इसके साथ ही कंपनी ने पुराना एबी रोड पर शासकीय पीजी कॉलेज से गुरुद्वारा रोड के पास, पुरानी सब्जी मंडी, डाक बंगला क्षेत्र में रोड अंडर ग्राउंड पाइप लाइन डालने का काम किया है। अभी तक 30 प्रतिशत से अधिक काम होना था लेकिन करीब 10 प्रतिशत ही हुआ है।

दो दिन में शुरू होगा काम

-राजकुमार पांडे, परियोजना अधिकारी, तहल कंपनी

अंडर ग्राउंड सीवरेज परियोजना : शहर में 94 किमी पाइप लाइन डाली जाएगी

पाइप लाइन डालने के बाद मार्ग को नहीं किया समतल

अंडर ग्राउंड सीवरेज परियोजना के तहत पुराना एबी रोड पर रोड की खुदाई कर पाइप लाइन डाली गई। पाइप डालकर गड्‌ढा बंद कर दिया गया लेकिन पूरी तरह समतल नहीं किया गया है। पुरानी सब्जी मंडी व अन्य स्थानों पर खराब मार्ग पर गिरने व पत्थरों के चलते फिसलने की आशंका रहती है। एमपीयूडीसी व जर्मन दल के निरीक्षण के दौरान स्वर्णपूरी कॉलोनी के रहवासियों ने काम को लेकर नाराजगी जाहिर की थी। लोगों के अनुसार निर्माण कंपनी पाइप लाइन डालने के बाद मार्ग को पूरी तरह से समतल करे। जिससे लोगों को परेशानी न हो।

निरीक्षण के दौरान की थी औपचारिकता

तकनीकी अधिकारी ने परियोजना की जानकारी नुक्कड़ नाटक, सेमीनार आदि के जरिए देने की बात कही थी। हालांकि अभी तक प्रचार-प्रचार शुरू नहीं किया गया। पिछले माह निरीक्षण के दौरान स्कूल में स्पर्धा आयोजित कर औपचारिकता की गई थी।

पंपिंग स्टेशन के लिए चिन्हित जमीन पर काम शुरू नहीं हो पाया।
खबरें और भी हैं...