- Hindi News
- National
- Indore News Mp News The Subjects Of Science And Maths Are Kept In The Same Class So Mathematics Can Teach Science
साइंस और मैथ्स विषय को एक ही वर्ग में रखा इसलिए गणित वाले पढ़ा सकते हैं विज्ञान
सरकारी स्कूलों में माध्यमिक शिक्षक के पदों की संख्या बढ़ाने की मांग की जा रही है। उम्मीदवारों का आरोप है कि इस भर्ती में विषयवार पदों का बंटवारा करने में शिक्षा का अधिकार अधिनियम का पालन नहीं किया गया। इसके कारण 5670 पदों में से विज्ञान विषय में 50 पद ही आ सके हैं।
इसको लेकर एक उम्मीदवार सुशील मेहरा ने हाई कोर्ट में चुनौती दी है। इस प्रकरण में स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से दायर हलफनामे में कहा गया है कि पदों का बंटवारा नियमानुसार किया गया है। गणित विषय वाले उम्मीदवार विज्ञान पढ़ा सकते हैं, लेकिन, याचिकाकर्ता ने विभाग की मंशा पर सवाल भी खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि पात्रता परीक्षा में गणित विषय के उम्मीदवार से 60 प्रश्न सिर्फ गणित विषय से ही पूछे गए हैं, जबकि बायोलॉजी से स्नातक करने वाले उम्मीदवारों से परीक्षा में 20 प्रश्न केमिस्ट्री से, 20 बॉयोलॉजी से और 20 प्रश्न फिजिक्स से पूछे गए हैं। जब गणित वाले उम्मीदवार से पात्रता परीक्षा में विज्ञान से जुड़ा एक भी प्रश्न नहीं पूछा गया तो वह इसके लिए पात्र कैसे हो सकता है। विभाग की अाेर से अाेअाईसी नरसिंहपुर डीईअाे एके इंगले द्वारा दिए गए इस हलफनामे में कहा गया है कि साइंस एवं मैथ्स काे एक वर्ग में रखा गया है।
इधर, 25 मार्च तक अपलोड होंगे पोर्टल पर दस्तावेज : सरकारी स्कूलों में माध्यमिक शिक्षकों की भर्ती के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग की प्रक्रिया की जा रही है। इसके लिए काउंसलिंग पोर्टल पर दस्तावेज अपलोड करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 25 मार्च तक प्रोविजनल और प्रतीक्षा सूची में चयनित हुए उम्मीदवारों को पोर्टल पर सभी दस्तावेज अपलोड करने होंगे।