पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Bhopal News Mp News Thief Beheaded But Still Retired Ti Did Not Lose Courage Thief 50 Years Younger Than Himself

चोर ने दांत से काटा, लेकिन फिर भी रिटायर्ड टीआई ने नहीं खोया हौसला... अपने से 50 साल छोटे चोर को धरदबोचा

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

ओल्ड सुभाष नगर में शुक्रवार दोपहर 12:15 बजे। भोपाल में पदस्थ रह चुके रिटायर्ड टीआई दयाराम गोहे अपने घर में खाना खा रहे थे। तभी पड़ोस वाले मकान से कुछ खटपट की आहट हुई। ये मकान उनके बड़े भाई होरीलाल गोहे का है, जो अब इस दुनिया में नहीं हैं। भाभी भी कुछ साल पहले शांत हो गईं। बच्चे शहर से बाहर रहते हैं, इसलिए इन दिनों उनका मकान खाली ही रहता है। दरवाजे का ताला खोलकर दयाराम अपने बड़े भाई के मकान में दाखिल हुए। सामने 20 साल की उम्र का एक अंजान युवक खड़ा था।

घर का बिखरा सामान देखते ही दयाराम समझ गए कि सामने खड़ा युवक एक चोर है। पिछला दरवाजा तोड़कर चोर घर में दाखिल हुआ था। वहीं से भागना चाहा, लेकिन दयाराम घबराए नहीं और लपक कर उसे शर्ट से पकड़ लिया। चोर ने उन्हें धक्का दिया और पकड़कर बाहर की ओर खींचने लगा। दयाराम को लगा कि वह शर्ट उतारकर न भाग निकले, इसलिए कमर के पास उसकी पेंट पकड़ ली। ठीक वैसे ही, जैसे पुलिस किसी अपराधी को पकड़ती है। बचने के लिए चोर ने उनके दाहिने हाथ पर कोहनी के पास दांत से काट लिया। दर्द हुआ, फिर भी बुजुर्ग दयाराम ने उसे छोड़ा नहीं। उसे पकड़कर बाहर लाए और शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर पड़ोसी जुट गए और उनमें से किसी ने डायल 100 को कॉल कर दिया। ऐशबाग पुलिस की एफआरवी कुछ मिनट में ही घर पहुंच गई और चोर को पकड़ कर थाने ले आई।

पुलिस के पीछे-पीछे ऐशबाग थाने पहुंच गए और दर्ज करवाया केस

दयाराम ने बताया कि मैं भी पुलिस के पीछे-पीछे ऐशबाग थाने पहुंच गया। घर में कुछ कीमती सामान था ही नहीं, इसलिए वह कुछ चुरा नहीं पाया। थाने पहुंचकर उसके खिलाफ चोरी की कोशिश और दांत से काटने का केस दर्ज करवाया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

दयाराम गोहे

राजा पहले भी हो
चुका है गिरफ्तार


टीआई अजय नायर के मुताबिक पकड़ा गया आरोपी 50 क्वार्टर, पिपलानी निवासी 19 वर्षीय राजा यादव है। इससे पहले भी वह चोरी के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। इधर, भोपाल रेलवे स्टेशन के मुसाफिर खाने में सो रहे मैनपुरी निवासी अतुल दुबे की जेब से डेढ़ लाख रुपए चुराने वाले शातिर चोर रतन कॉलोनी निवासी झनक सिंह को भोपाल जीआरपी ने पकड़ लिया है।
खबरें और भी हैं...