इस तरह से सड़क पर आए महाराज
सिंधिया का रोड शो } एयरपाेर्ट से ढाई घंटे में 15 किमी दूर बीजेपी कार्यालय पहुंचे सिंधिया, शामिल हुए हजाराें समर्थक
भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के दूसरे दिन ज्योतिरादित्य सिंधिया गुरुवार को केंद्रीय मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर के साथ भोपाल पहुंचे और 15 किमी लंबा रोड शो किया। इसके पहले कांग्रेस छोड़ते समय उन्होंने एक बयान से आहत होने की बात कही थी। यहां भी उसका जिक्र किया... कहा- मैंने अितथि विद्वानों, किसानों और वचन पत्र के मुद्दों पर कहा था कि मुझे सड़क पर उतरना होगा, तब मुझे जवाब मिला था कि उतर जाओ। भोपाल में सिंधिया रोड शो के माध्यम से सड़क पर आए, जिसमें भाजपा नेताओं के साथ ही बड़ी संख्या में उनके समर्थक शामिल हुए।
एयरपोर्ट पर सिंधिया की अगवानी करने के लिए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव, नरोत्तम मिश्रा, भूपेंद्र सिंह, यशोधरा राजे सिंधिया सहित कई नेता पहुंचे। यहां समर्थकों ने उनके समर्थन में नारे लगाए। एयरपोर्ट पहुंचने पर वे वाहन की छत पर बैठे और कार्यकर्ताओं का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। एयरपोर्ट से सिंधिया को सिंगारचोली ब्रिज तक पहुंचने में ही करीब 50 मिनट लग गए। उनका जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। लालघाटी तक उनका काफिला पहुंचते-पहुंचते कई बार जाम लगा। भाजपा कार्यालय तक पहुंचने में उन्हें दो घंटे से ज्यादा का समय लग गया। राेड शाे दाैरान उन्हाेंने कई कार्यकर्ताओं को गले लगाया। वे गले में भगवा रंग का गमछा डाले थे, रास्ते में जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूलमाला पहनाई। भाजपा कार्यालय के मुख्य द्वार पर ढोल-ढमाकों से उनका स्वागत किया गया।
इस दौरान पूरा कार्यालय केसरिया रंग से सजाया गया था। हालांकि इस बीच एक जगह कुछ लोगों ने रोड शो को काले झंडे दिखाने की भी कोशिश की। पोस्टर पर कालिख पोती गई। कुछ जगह बैनर फाड़े गए। पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है।
सिंधिया के खिलाफ जो केस 2 साल पहले बंद हुआ, सरकार ने फिर खुलवाया
भोपाल | सिंधिया के भाजपा में जाते ही आर्थिक अपराध अन्वेषण प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने छह साल पुरानी शिकायत पर फिर जांच शुरू कर दी है। फर्जी दस्तावेजों से जमीन बेचने की ये शिकायतें 9 मई 2018 को शिवराज सरकार के कार्यकाल में जांच के बाद नस्तीबद्ध कर दी गई थीं। गुरुवार को फाइलें दोबारा ईओडब्ल्यू ग्वालियर भेजी गई हैं। डीजी का तर्क है शिकायतकर्ता की मांग पर जांच कराई जा रही है।
-ज्योतिरादित्य सिंधिया
क्या है शिकायत
26 मार्च 2014 को सुरेंद्र श्रीवास्तव ने शिकायत की, सिंधिया और परिजन ने दस्तावेज में कांटछांट कर महलगांव, ग्वालियर में 6000 वर्गफीट जमीन कम कर दी। दूसरी शिकायत 23 अगस्त 2014 की गई, जिसमें सिंधिया देवस्थान के चेयरमैन व ट्रस्टियों पर सरकारी जमीन बेचने का आरोप लगाया गया।