पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Bhopal News Mp News This Should Be A Master Plan In Which Trees Do Not Have To Be Cut To Widen The Road

ऐसा हो मास्टर प्लान जिसमें रोड चौड़ा करने पेड़ न काटना पड़े

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
यह भी कहा- शहर में ऐसी प्लानिंग हो जहां लोगों को बेहतर स्वास्थ्य मिले

पेड़ काट कर सड़कें चौड़ी करना बेवकूफी है। एक पेड़ काट कर दस पेड़ लगाने की बात बेमानी है। एक पेड़ को बढ़ा होने में 30 से 40 साल लगते हैं, आप जो पेड़ लगाएंगे वो जीवित रहेगा, इसकी गारंटी नहीं होती? शहर का मास्टर प्लान एेसा बनाया जाना चाहिए जिसमें सड़कों को चौड़ा करने की जरूरत नहीं पड़े। पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा दीजिए। बड़ी बसों के साथ छोटे टेम्पो चलाइए। पुणे के अर्बन डिजाइन एक्सपर्ट प्रसन्न देसाई ने भोपाल मास्टर प्लान और स्मार्ट सिटी के संबंध में दैनिक भास्कर से चर्चा के दौरान यह बात कही। देसाई इंडियन इंस्टीट्यूट अॉफ आर्किटेक्ट्स की भोपाल इकाई द्वारा मास्टर प्लान के ड्राफ्ट पर आयोजित पहले फोकस ग्रुप डिस्कशन के लिए भोपाल आए थे। देसाई ने कहा कि मास्टर प्लान शहर के नागरिकों की रोजमर्रा की दिक्कतों को दूर करने वाला होना चाहिए। शहर को सुरक्षित बनाने वाला होना चाहिए।

सड़कें चौड़ी करना समाधान नहीं

शहर में बढ़ते ट्रैफिक कंजेशन की समस्या को दूर करने के लिए सड़कें चौड़ी करना समाधान नहीं है। पेड़ काट कर सड़कें चौड़ी करते जाएंगे और वाहनों की संख्या बढ़ती जाएंगी। लोग अॉक्सीजन लेने कहां जाएंगे। उनके स्वास्थ्य का क्या होगा? शहर एेसे होना चाहिए जहां लोगों को बेहतर स्वास्थ्य मिले।

ड्रॉफ्ट को लेकर फोकस ग्रुप डिस्कशन का सिलसिला जारी रखेंगे

इंडियन इंस्टीट्यूट अॉफ आर्किटेक्ट्स की भोपाल इकाई के चेयरमैन विनय प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि मास्टर प्लान के ड्राफ्ट को लेकर एफजीडी(फोकस ग्रुप डिस्कशन) का यह सिलसिला जारी रहेगा। देश भर से विशेषज्ञों को बुलाकर हम टाउन प्लानिंग पर चर्चा करेंगे ताकि शहर के मास्टर प्लान को लेकर हम बेहतर विकल्प पेश कर सकें।

भोपाल में सड़कों के लिए पेड़ों की कटाई मामूली बात

भोपाल में सड़कें चौड़ी करने या नई सड़कें बनाने के लिए पेड़ों की कटाई मामूली बात है। बीआरटीएस कोरिडोर के लिए बैरागढ़ से लेकर मिसरोद तक पेड़ काटे गए। स्मार्ट सिटी के तहत बन रही बुलेवर्ड स्ट्रीट सहित अन्य सड़कों के लिए पेड़ों की कटाई हो रही है।देसाई को जब यह बताया कि भोपाल में कम से कम 6000 पेड़ काट कर स्मार्ट सिटी बसाई जा रही है तो उन्होंने आश्चर्य जताया। देसाई ने कहा कि स्मार्ट सिटी की प्लानिंग एेसी होना चाहिए जिसमें पर्यावरण की रक्षा हो सके।

स्मार्ट स्ट्रीट के लिए न पेड़ काटे, न सड़क चौड़ी की

प्रसन्न देसाई बताते हैं कि पुणे के औंध क्षेत्र में बढ़ते ट्रैफिक कंजेशन के लिए नगर निगम और स्मार्ट सिटी वहां सड़क चौड़ीकरण का एक प्रोजेक्ट लेकर आ रहे थे। लेकिन उन्होंने लोकल कार्पोरेटर माधुरी मधुकर मुसले और अफसरों को कहा कि सड़क चौड़ी करने की बजाय यहां फुटपाथ बनाना और पार्किंग की सुविधा देना समस्या का समाधान है। पहले यहां के ट्रैफिक का अध्ययन किया। पीक समय में कितने वाहन और पदयात्री सड़क पर होते हैं। वाहन कहां और कैसे पार्क होते हैं। इसके बाद कुल 24 मीटर चौड़ी जगह में 12 मीटर की सड़क बनाई। 2-2 मीटर दोनों तरफ यानी कुल 4 मीटर जगह पार्किंग के लिए दी और सड़क के दोनों तरफ 4-4 मीटर यानी कुल 8 मीटर का फुटपाथ बनाया। दुकानों के सामने और दूसरे खुले स्थान पर जगह मिलने पर फुटपाथ की चौड़ाई 12 मीटर तक कर दी। यहां 8 साल के बच्चे से लेकर 80 साल के बुजुर्ग और बल्कि दिव्यांग व्यक्तियों को भी आप सुरक्षित रूप से टहलते हुए देख सकते हैं। इस सबके लिए एक भी पेड़ नहीं काटा बल्कि उन्हें व्यवस्थित किया।

पुणे के अर्बन डिजाइन एक्सपर्ट प्रसन्न देसाई ने कहा- पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा दें, साथ ही...

वहां पार्किंग और फुटपाथ से निकाला समाधान

भोपाल मास्टर प्लान-2031

खबरें और भी हैं...