- Hindi News
- National
- Indore News Mp News Three Miscreants From The Car Robbed The Truck Driver Police Caught Him In Three Hours
कार से आए तीन बदमाशों ने ट्रक चालक को लूटा, पुलिस ने तीन घंटे में पकड़ा
देवास नाका, शिव वाटिका के पास शनिवार रात 12.30 बजे कार से आए तीन बदमाशों ने पहले तो एक ट्रक से बैटरी चुराई। इस दौरान ट्रक ड्राइवर की नींद खुली तो उसने शोर मचा दिया। इस पर बदमाशों ने उसे घेरकर पीटा और उसकी जेब से 20 हजार रुपए और मोबाइल लूट लिए। ट्रक चालक ने घटना होते ही लसूड़िया पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तीन घंटे में तीनों को पकड़ लिया।
लसूड़िया टीआई संतोष दूधी ने बताया कि घटना एमआर 11 पर हुई। पुलिस को विक्की चौधरी निवासी देवास नाका डायमंड कॉलोनी ने बताया कि वह ट्रक (एनएल 01 एबी 1828) को खड़ा कर सो रहा था, तभी तीन बदमाश कार (एमपी 41 सीए 6366) से आए और उसके ट्रक की बैटरी चुरा ली। इस बीच विक्की की नींद खुल गई। वह नीचे उतरा और उन्हें रोका तो बदमाशों ने उस पर लकड़ी की पट्टी व लात-घूंसों से हमला कर दिया। नाक व सिर पर वार किए। फिर जान से खत्म करने की धमकी दी। घटना के बाद वे भागे तो विक्की ने उनकी कार का नंबर देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर आरोपी बदमाश अरशद बेग (32) निवासी इस्लामपुरा देवास, रहीम खान (34) निवासी जल्ला कॉलोनी खजराना और इरफान शेख (38) पिता गफ्फार शेख निवासी इस्लामपुरा को गिरफ्तार किया है।
लसूड़िया पुलिस की गिरफ्त में तीनों आरोपी।