- Hindi News
- National
- Bhopal News Mp News Today Begins The Festival Of Five Day Rangotsav With Barsga Rang Gulal Bachkega Holi Holika Dahan
आज बरसेगा रंग-गुलाल, बिखरेगा होली का हुल्लास, होलिका दहन के साथ पांच दिवसीय रंगोत्सव के त्योहार की शुरुआत
औद्योगिक नगर में सोमवार को परंपरानुसार होलिका दहन किया गया। इसके साथ ही पांच दिवसीय रंगोत्सव प्रारंभ हो गया। प्रेम भाईचारे का पर्व होली मंगलवार को उत्साह,उमंग और उल्लास से मनाया जाएगा। सोमवार को वार्ड तीन स्थित होली मोहल्ला में प्राचीन स्थल सहित कई स्थानों पर शुभ मुहूर्त में होलिका दहन किया गया। इससे पूर्व महिलाओं ने होली गीत गाकर मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए मन्नतें मांगीं। वहीं छोटे बच्चों ने एक दिन पहले से ही रंगबिरंगी पिचकारियों में रंग घोल कर होली खेलनी शुरू कर दी। मंगलवार सुबह से ही नगर में हुरियारों की टोलियां निकल पड़ेंगी। ढोल बाजे एवं डीजे के साथ रंग गुलाल बरसाकर मस्ती से त्योहार का आनंद लेंगे। लोग बैर वैमस्यता भुलाकर एक-दूसरे के गले मिलकर पर्व की शुभकामनाएं देंगे। होली के रंग में बच्चे, युवा, महिलाएं एवं पुरुष हर कोई रंगों से सराबोर नजर आएगा। होली पर्व को लेकर खासकर बच्चों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। इधर, ग्रामीण क्षेत्रों में भी होली पर्व परंपरागत तरीके से मनाया जाएगा। कई गांवों में फागगीतों की महफिल जमेगी, जिसमें होली फाग गीतों के साथ मृदंग एवं नगरिया की थाप पर लोकनृत्य होंगे।
संस्थाओं ने दिया सूखी होली का संदेश
श्री हिन्दू उत्सव समिति के कोषाध्यक्ष केके चौबे ने नगरवासियों को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सूखी होली खेलकर पानी बचाने की अपील की है। वहीं सेवा समिति के अध्यक्ष जीवनसिंह पाल ने भास्कर के सूखी होली खेलो अभियान की सराहना करते हुए लोगों से सूखी होली खेलने का आग्रह करते हुए पानी के अमूल्य महत्व को समझकर भास्कर के अभियान से जुड़ने को कहा।
बंद रहेगी बसें
फीडर बस के संचालक प्रेम साहू ने बताया कि मंडीदीप से भोपाल के बीच चलने वाली ज्यादातर मिनीबस, फीडर बस एवं मेट्रो बस बंद रहेंगी। इक्का-दुक्का मिनी बसें ही चलेगी। नपा की जलशाखा के परमानंद विश्वकर्मा ने बताया कि पर्व को ध्यान में रखते हुए नप सभी वार्डों की पेयजल लाइन को 5 मिनट अतिरिक्त पानी दिया जाएगा।
सुरक्षा के इंतजाम
पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं। थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि मंगलबाजार, मेन मार्केट, स्टेशन तिराहा, सतलापुर, पटेल नगर सहित 18 स्थानों पर जवान तैनात किए गए हैं। इनके अलावा पुलिस वाहनों से पेट्रोलिंग कर उपद्रवियों पर नजर रखेगी।