- Hindi News
- National
- Bhopal News Mp News Vijayvargiya And Rakesh Kept Searching For Their Legislators In Gurugram For Two Hours
गुरुग्राम में दो घंटे तक अपने विधायकों का मन टटोलते रहे विजयवर्गीय व राकेश
2. गुरुग्राम से
हरियाणा के गुरुग्राम के एक होटल में भाजपा विधायकों को रखा गया है। मप्र की सियासी उथल-पुथल के बीच हो रही इस किलेबंदी की पूरी निगरानी भाजपा हाईकमान ने अपने हाथ में ले रखी है। साथ ही जिम्मा मप्र के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह को सौंपा है। दिन में एक बार दिल्ली से मप्र के एक राष्ट्रीय नेता और राकेश सिंह होटल पहुंचते हैं और करीब दो घंटे साथ रहकर यह टोह ले लेते हैं कि वे मप्र सरकार के बनने-बिगड़ने के दौरान हो रहे राजनीतिक घटनाक्रम पर क्या सोच रखते हैं। गुरुवार को पार्टी के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय भी राकेश सिंह के साथ रहे। सभी विधायकों से बात की। मप्र में ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा दफ्तर पहुंचने और राज्यसभा का नामांकन दाखिल करने के कारण नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव भोपाल आ गए, जबकि हटा से भाजपा विधायक पीएल तंतुवाय की माताजी का निधन होने के कारण वे हरियाणा से लौट रहे हैं। इसके अलावा सभी भाजपा विधायक पूरा समय कविता, गाने और हंसी मजाक में निकाल रहे हैं। किसी भी विधायक के पास मोबाइल नहीं छोड़ा गया है। जरूरत पड़ने पर उपयोग हो रहा है। केंद्रीय नेतृत्व की तरफ से धर्मेंद्र प्रधान और अनिल जैन विधायकों के संबंध में बात कर रहे हैं। गुरुवार को विजयवर्गीय शाम 6:30 बजे राकेश सिंह के साथ होटल पहुंचे। उन्होंने यहां ठहरे पार्टी के 106 विधायकों के साथ मिलकर दिनभर की राजनीतिक गतिविधियों पर चर्चा की। उन्होंने हाईकमान द्वारा जारी दिशा निर्देश के संबंध में विधायकों को बताया। विधायकों ने जल्द घर लौटने की बात की, जिस पर विजयवर्गीय ने उन्हें अगले आदेश तक होटल में ही जमे रहने के लिए कहा।
उमाशंकर