- Hindi News
- National
- Khandwa News Mp News Wall Will Break For Drug Counter 5 Pharmacists Instead Of 4
दवा काउंटर के लिए तोडें़गे दीवार, 4 की जगह 5 फार्मासिस्ट होंगे
जिला अस्पताल के नए भवन में दवा वितरण का काउंटर बढ़ाया जाएगा। इसके लिए दवा वितरण केंद्र की दीवार तोड़कर नई खिड़की बनाई जाएगी। साथ ही अब दवा वितरण केंद्र में चार की जगह पांच फार्मासिस्ट्स होंगे, ताकि एक व्यक्ति के किसी काम से बाहर जाने पर मरीजों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। इसके साथ ही जिला अस्पताल की जमीन की नपती एसडीएम के द्वारा की जाएगी, ताकि अस्पताल में आने वाले समय में भवन निर्माण के लिए जगह उपलब्ध हो सके।
रविवार को यह बात जिला अस्पताल के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर तन्वी सुंद्रियाल ने कही। उन्होंने सिविल सर्जन डॉ.ओपी जुगतावत एवं सीएमएचओ डॉ.डीएस चौहान ने दवा वितरण के बारे में पूछताछ की। दोनों ही अधिकारियों के साथ फार्मासिस्ट ने बताया यहां पर दवाओं के वितरण में कम व्यक्ति होने से मरीजों की लंबी लाइन लगती है। कई बार तो एक से डेढ़ घंटे में मरीजों को दवा मिल पाती है। इस पर कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा पीआईयू से बाेलकर सामने की दीवार तोड़कर नया काउंटर बनाओ। जिससे कि विकलांग और बुजुर्गों को दवा के लिए ज्यादा देर तक लाइन में नहीं लगना पड़े। उन्होंने खिड़की के साथ शेड व सीएमएचओ को ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र से यहां पर एक और फार्मासिस्ट्स भेजने के निर्देश दिए।
हॉस्टल के पास बनेगा डीईआईसी
जिला अस्पताल में नर्सिंग हॉस्टल के पास डिस्ट्रिक्ट अर्ली इंटरवेंशन सेंटर (डीईआईसी) बनेगा। कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ रोशन सिंह ने हॉस्टल के पास की जमीन को डीईआईसी के उपयुक्त बताया। कलेक्टर ने सीएमएचओ चौहान एवं सिविल सर्जन जुगतावत से कहा परिसर की खाली जमीन पर कर्मचारी आवास का प्रस्ताव बनाएं। इसे एनएचएम भोपाल से हम स्वीकृत करा कर लाएंगे।
कॉलेज डीन से बोलीं कलेक्टर, भवन करो अलाट नहीं तो हो जाएंगे भंगार
कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान अस्पताल में खाली पड़े भवन को लेकर मेडिकल कॉलेज डीन डॉ.एसके दादू से बात की। उन्होंने डीन से कहा आप भवन को अलाट करो नहीं तो भंगार हो जाएंगे। इसके साथ ही कलेक्टर ने पीआईसीयू के संभागीय परियोजना अधिकारी सतीश शर्मा से कहा मेडिकल कॉलेज अस्पताल काम समय से पूरा करे। साथ ही परिसर में पड़े भवन निर्माण की सामग्री भी उठाकर सफाई कराए।
दवा काउंटर के लिए अधिकारियों के साथ चर्चा करती कलेक्टर तन्वी सुंद्रियाल।