- Hindi News
- National
- Bhopal News Mp News Women39s Brigade Will Recover And Cut Off Connections
महिला ब्रिगेड करेगी वसूली और कनेक्शन काटने की कार्रवाई
बिजली कंपनी की महिला ब्रिगेड अब बकाएदारों और बिजली चोरी करने वालों के घरों का दरवाजा खटखटाएंगी। ग्वालियर के नॉर्थ डिवीजन में बनाई गई इस महिला ब्रिगेड का प्रयोग सफल रहा है। अब इस मॉडल को पूरे प्रदेश में लागू करने की तैयारी है। इसकी शुरूआत मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के भोपाल डिवीजन से की जाएगी। इसके बाद इसे अन्य कंपनियों में भी लागू किया जाएगा।
ग्वालियर सिटी सर्किल के सर्वाधिक घाटे वाले इलाके नॉर्थ डिवीजन के फूलबाग, तानसेन नगर, बिरला नगर, लधेड़ी जोन जैसे इलाके आते हैं। यहां वसूली के लिए अफसरों ने प्रयोग के तौर पर महिला कर्मचारियों की एक ब्रिगेड तैयार की। इस ब्रिगेड में आधा दर्जन महिला कर्मचारियों को तैनात कर राजस्व वसूली, बिजली चोरी रोकने और बकाएदारों के कनेक्शन काटने की कार्रवाई में लगाया गया। इसका नतीजा यह हुआ कि पहले ही दिन इस ब्रिगेड ने 25 से अधिक अवैध रूप से चलते हीटर जब्त किए। 38 घरों में कनेक्शन काटने की कार्रवाई की गई और चार उपभोक्ताओं पर बिजली चोरी के प्रकरण बनाए गए। इसके अलावा पांच लाख रुपए की बकाया राशि भी वसूल की। इसके बाद अधिकतर इलाकों से बिल की राशि की वसूली होनी शुरू हो गई। इस ब्रिगेड ने एक ही दिन में सात लाख रुपए तक की वसूली की है। ऐसे में अब इस ब्रिगेड का मॉडल प्रदेशभर में लागू करने की तैयारी की जा रही है।
{राजस्व वसूली और बिजली चोरी रोकने ग्वालियर मॉडल होगा प्रदेश में लागू**
बेहतर काम कर रही ब्रिगेड
ग्वालियर में प्रयोग के तौर पर एक डिवीजन में महिला ब्रिगेड तैयार की गई थी। यह ब्रिगेड लगातार वसूली और डिस्कनेक्शन की कार्रवाई बेहतर ढंग से कर रही है। कार्रवाई में महिला ब्रिगेड के शामिल रहने से उपभोक्ताओं के साथ विवाद की स्थिति नहीं बनती। इन सभी महिला कर्मचारियों का आगामी 15 अगस्त को सम्मान भी किया जाएगा।
विनोद कटारे, महाप्रबंधक, सिटी सर्किल, मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी