पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंभोपाल. एक हफ्ते से तप रहे शहर में मौसम के तेवर नरम पड़ गए हैं। मंगलवार सुबह से शाम तक बादलों और धूप की आंख मिचौली चलती रही। रात 8 बजे के बाद अचानक मौसम बदल गया। 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चली। नए व पुराने शहर, भेल, कोलार और बैरागढ़ के कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई। साउथ टीटी नगर स्थित आदर्श दुर्गा मंदिर के पास एक बड़ा पेड़ गिर गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अनुमान के मुताबिक बुधवार को भी हल्के बादल छाए रहेंगे। गुरुवार से फिर तापमान बढ़ सकता है।
मंगलवार को दिन का तापमान 41.3 डिग्री दर्ज किया गया। दोपहर दो बजे के बाद बादल घने हो गए थे। फिर आधा घंटे बाद धूप चटकी। साढ़े तीन बजे के बाद फिर बादल घने हो गए। इस वजह से पारा ज्यादा ऊपर नहीं चढ़ सका। रात आठ बजे के बाद तेज हवा चली। अरेरा हिल्स, होशंगाबाद रोड, मिसरोद, रचना नगर, साकेत नगर, शक्ति नगर, अवधपुरी, शाहजहांनाबाद, कोहेफिजा, रॉयल मार्केट, इंद्रपुरी, एअरपोर्ट रोड समेत आसपास के इलाकों में बूंदाबांदी हुई। वहीं अशोका गार्डन, वनट्री हिल्स, एयरपोर्ट रोड, दाता कॉलाेनी, शाहजहांनाबाद, नारियल खेड़ा समेत कई इलाकाें में आधे घंटे तक बिजली गुल रही।
यह है वजह
साउथ ईस्ट राजस्थान और उससे सटे मप्र में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना है। दक्षिण यूपी से लेकर उत्तरी मध्य महाराष्ट्र तक ट्रफ लाइन बनी है, यह मप्र से होकर गुजर रही है। इस वजह से मौसम बदला। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक एके शुक्ला ने बताया कि अगले 24 घंटे में भी बादल छाए रहने का अनुमान है। उसके बाद तापमान फिर बढ़ेगा।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.