पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
टेक्सास. अमेरिका के टेक्सास स्थित एक स्कूल में शुक्रवार को हुई गोलीबारी में 10 लोग मारे गए हैं जबकि कई छात्र अौर अधिकारी घायल हुए हैं। ह्यूस्टन से 50 किमी दूर स्थित सांता फे सिटी में स्थित इसी नाम के हाई स्कूल में ये घटना हुई है। हमले में एक सुरक्षा अधिकारी काे भी गोली लगी है। टेक्सास यूनिवर्सिटी के मेडिकल डिपार्टमेंट में दो घायलों को भर्ती कराया गया है।
स्कूल के असिस्टेंट प्रिंसिपल क्रिस रिचर्ड्सन ने कहा कि गोलीबारी करने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया है। 14 साल की एक छात्रा ने कहा कि आर्ट रूम के पास पांच गोली चलने की आवाज सुनाई दी। हमारे टीचर सभी बच्चों को थिएटर डिपार्टमेंट के स्टोर रूम में ले गए और वहां हम सभी करीब 45 मिनट तक बंद रहे। बाद में स्वात टीम ने सभी बच्चों को स्कूल से सुरक्षित बाहर निकाला। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने गोलीबारी की घटना के कुछ ही देर बाद ट्वीट किया, "शुरुआती खबरें अच्छी नहीं हैं, गॉड ब्लेस अस आॅल।” अमेरिका में पिछले सात दिन में स्कूल में गोलीबारी की यह तीसरी और इस साल की 22वीं घटना है। इस साल की शुरुआत में एक पूर्व छात्र ने फ्लोरिडा के स्कूल में गोलीबारी की थी, जिसमें 17 छात्र और शिक्षक मारे गए थे।
घटनास्थल पर पुलिस और एम्बुलेंस मौजूद
- लोकल मीडिया चैनल के एक वीडियो में टेक्सास के सांता फे स्थित स्कूल के हालात दिखाए गए हैं। इसमें पुलिस को बच्चों की तलाशी लेते भी दिखाया गया है। साथ ही घटनास्थल पर एम्बुलेंस की मौजूदगी भी दिखाई गई है।
अस्पताल में 9 घायलों के पहुंचने की पुष्टि
- यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास के चीफ नर्सिंग आॅफिसर डेविड मार्शल ने बताया कि अस्पताल में अभी 18 साल से कम उम्र के तीन लोगों का इलाज चल रहा है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मार्शल ने बताया कि जिन बच्चों का इलाज चल रहा है उन्हें गोली ही लगी है। उन्होंने इससे आगे की जानकारी देने से इनकार कर दिया।
- वहीं हैरिस काउंटी के शेरिफ एड गोंजालेज ने बताया कि 9 घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया गया है। हालांकि, घायलों की स्थिति अभी साफ नहीं है।
फरवरी में फ्लोरिडा के स्कूल में हुई थी फायरिंग की घटना
- बता दें कि फ्लोरिडा हाईस्कूल में 14 फरवरी को एक स्टूडेंट ने फायरिंग कर दी थी। इसमें 17 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग गंभीर रूप से जख्मी भी हुए थे।
इस साल अमेरिका के स्कूलों में फायरिंग की कितनी घटनाएं हुईं?
- एक गन कंट्रोल ग्रुप के मुताबिक, अमेरिका के स्कूलों में इस साल फायरिंग की यह 18वीं घटना थी। इसमें खुदकुशी करने के और वे मामले भी शामिल हैं, जिनमें कोई हताहत नहीं हुआ।
- बता दें कि जनवरी में ही बेनटॉन के एक स्कूल में 15 साल के लड़के ने फायरिंग कर दी थी, जिसमें दो स्टूडेंट्स की जान चली गई थी।
गन कल्चर खत्म करने के लिए ओबामा रो पड़े थे
- दो साल पहले ऑरेगॉन के कॉलेज में नौ लोगों की हत्या के बाद तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा रो तक पड़े थे।
- उन्होंने कहा था, "अगर आज हमने कदम नहीं उठाया तो ऐसी घटनाएं नहीं रुकेंगी। जब भी मैं उन बच्चों के बारे में सोचता हूं, पागल हो जाता हूं। हम सब को संसद में गन पॉलिसी लानी चाहिए।" लेकिन अमेरिकी कांग्रेस के 70 फीसदी सांसद हथियारों की समर्थक थे। लिहाजा, ओबामा बेबस रहे।
US में 66% लोगों के पास एक से ज्यादा गन
- दुनियाभर की कुल सिविलियन गन में से 48% (करीब 31 करोड़) सिर्फ अमेरिकियों के पास हैं।
- 89% अमेरिकी अपने पास हथियार रखते हैं। 66% लोगों के पास एक से ज्यादा गन हैं।
- अमेरिका में हथियार बनाने वाली इंडस्ट्री का सालाना रेवेन्यू 91 हजार करोड़ रुपए है। 2.65 लाख लोग इस कारोबार से जुड़े हुए हैं।
- अमेरिकी इकोनॉमी में हथियार की बिक्री सें 90 हजार करोड़ रुपए आते हैं। हर साल एक करोड़ से ज्यादा रिवॉल्वर, पिस्टल जैसे हथियार बनते हैं।
50 साल में 15 लाख लोगों की जान हथियारों ने ली
- बीते 50 साल में अमेरिका में हथियारों ने 15 लाख से ज्यादा जान ले लीं। इसमें मास शूटिंग और मर्डर से जुड़ीं 5 लाख मौतें हुईं। बाकी जानें सुसाइड, गलती से चली गोली और कानूनी कार्रवाई में गई हैं।
- बता दें कि अमेरिका में हथियार रखना बुनियादी हकों में आता है।
(आंकड़े - सीएनएन, सीडीसी, आईबीआईएस)
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.