- Hindi News
- National
- Ranchi News Municipal Corporation Did Not Give Flats By Depositing 63 Lakhs From 126 Beneficiaries
नगर निगम ने 126 लाभुकों से 63 लाख जमा कराकर नहीं दिया फ्लैट
सर्कुलर रोड स्थित बिरसा मुंडा पार्क में वर्षों से रह रहे 150 से अधिक परिवारों का आशियाना अफसरों की राजनीति में फंस गया है। नगर विकास विभाग की एजेंसी जुडको ने पार्क में 180 फ्लैट बनवाए, लेकिन उसके अफसरों ने पिछली सरकार के मुखिया को खुश करने के लिए अधूरे फ्लैट का उद्घाटन तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास से करा दिया। छह माह पहले फ्लैट का उद्घाटन कराया गया, लेकिन अभी तक जुडको ने नगर निगम को फ्लैट्स हैंडओवर नहीं किया।
इधर, नगर निगम जुडको से दो कदम आगे बढ़ पार्क परिसर में रहने वाले कुल 126 परिवारों से छह माह पहले ही 50-50 हजार रुपए सिक्योरिटी मनी जमा करा लिया। निगम ने गरीबों से कुल 63 लाख रुपए जमा तो करा लिया और उन्हें फ्लैट के नाम पर आवंटन पत्र थमा दिया। जुडको व नगर निगम के बीच तालमेल का खामियाजा गरीब व बेघर परिवारों को भुगतना पड़ रहा है। पिछले छह माह से ठंड-बारिश सह ये लोग गुजर-बसर कर रहे हैं। कई बार नगर निगम में शिकायत दर्ज कराया, लेकिन अफसरों ने उनकी समस्याओं को अनसुना कर दिया। अब गरीब बेघरों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से फ्लैट दिलाने की गुहार लगाई है, ताकि वे अपने बच्चों के साथ फ्लैट में शिफ्ट हो सके।
कराेड़ाें खर्च कर फ्लैट बनाया गरीबों से पैसा ले बिजली नहीं दी
जुडको ने करीब 9 करोड़ रुपए खर्च करके पुराना जेल परिसर में बेघरों के लिए 180 फ्लैट्स का निर्माण कराया है। लेकिन, अभी तक इन फ्लैटों में बिजली नहीं पहुंची है। बिना बिजली के वहां लोग नहीं रह सकते, क्योंकि बिजली के बिना न तो पानी मिलेगा न रोशनी आएगी। जिन लाभुकों को फ्लैट नहीं मिला है, उन्होंने बताया कि जुडको व निगम के अफसरों के बीच कोई तालमेल नहीं है। इसी वजह से अभी तक यहां ट्रांसफार्मर नहीं लगा है। नगर निगम जाने पर बताया जाता है कि जुडको ने फ्लैट हैंडओवर नहीं किया है, वहीं जुडको जाने पर बताया जा रहा है कि निगम हैंडओवर नहीं ले रहा है। उधर, करमटोली तालाब के किनारे अतिक्रमण करके रह रहे 20 परिवारों ने बिरसा मुंडा पार्क में बने फ्लैट लेने से इंकार कर दिया है। उन्होंने कहा है कि वर्षों पहले उन्हें आर्मी कैंट के किनारे जमीन दी गई थी।
झुग्गी में रह रहे लोग छह माह से ठंड-बारिश में गुजार रहे जीवन
पुराना जेल परिसर में बने फ्लैट।
बिरसा मुंडा पार्क में रह रहे बेघरों को लॉटरी के जरिए फ्लैट दिया गया है। जुडको से नगर निगम अभी तक फ्लैट क्यों हैंडओवर नहीं लिया, यह जानकारी नहीं है। अफसरों से बात करके जल्द सभी बेघरों को फ्लैट में शिफ्ट कराया जाएगा।’ -संजीव विजयवर्गीय, डिप्टी मेयर
180 फ्लैट्स बनाए गए हैं
जल्द बेघरों को शिफ्ट कराया जाएगा