पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंलंदन. नरेंद्र मोदी ने यहां के ऐतिहासिक वेस्टमिंस्टर सेंट्रल हॉल में बुधवार को 'भारत की बात सबके साथ' कार्यक्रम के दौरान कठुआ और उन्नाव रेप की घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कल्पना कर सकते हैं किसी छोटी बालिका के साथ बलात्कार होता है। कितनी दर्दनाक घटना ये है। तो हम क्या कहेंगे कि आपकी सरकार में इतने बलात्कार होते हैं और हमारी सरकार में कम होते हैं। ये ठीक नहीं है। बता दें कि मोदी ने इस कार्यक्रम में लोगों से करीब 2 घंटे तक बातचीत की। सरकार की पॉलिसी, हेल्थ, सरकार के कामकाज जैसे कई मुद्दों पर पूछे गए सवालों के जवाब दिए।
बेटी से सारे सवाल पूछे जाते हैं, कभी बेटों से भी पूछिए
- नरेंद्र मोदी ने कहा, “कल्पना कर सकते हैं किसी छोटी बालिका के साथ बलात्कार होता है। कितनी दर्दनाक घटना ये है। तो हम क्या कहेंगे कि आपकी सरकार में इतने बलात्कार होते हैं और हमारी सरकार में कम होते हैं। ये ठीक नहीं है। बलात्कार, बलात्कार होता है। एक बेटी के साथ ये अत्याचार कैसे सहन कर सकते हैं।"
- "मैंने लालकिले से इसे अलग तरीके से रखा। बेटी से सारे सवाल पूछे जाते हैं, कभी बेटों से भी पूछना चाहिए कि कहां गए थे। ये देश के लिए चिंता का विषय है, ये पाप करने वाला किसी का बेटा है। उसके के भी घर में मां है।"
- "आप कल्पना कर सकते हैं कि आजादी के इतने सालों के बाद भारत में सेनिटेशन का कवर 35-40 फीसदी के आसपास था। गरीब मां शौचालय जाने के लिए सूर्योदय से पहले जाती है, दिन में जरूरत हो तो शाम का इंतजार करती है। क्या हम टॉयलेट नहीं बना सकते। ये सवाल मुझे सोने नहीं देता। तब जाकर मुझे लगा कि मैं लालकिले पर जाकर अपनी भावनाएं बता दूंगा। मैंने देखा कि देश ने साथ दिया। 3 लाख गांव खुले में शौच से मुक्त हो गए।”
पूरी खबर पढ़ें: पाक से कहा- लाशें उठा लें, फिर मीडिया को बताया: सर्जिकल स्ट्राइक पर पहली बार विदेश में बोले मोदी
मनमोहन ने मोदी पर तंज कसा था, कहा- जो मुझे सलाह देते हो, उसे खुद भी फॉलो करो
- कठुआ गैंगरेप मामले में पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने भी बुधवार को मोदी पर हमला बोला था। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा था कि पीएम मोदी को अब उसी सलाह का पालन करना चाहिए, जो वो मुझे देते हैं। उन्हें अक्सर बोलते रहना चाहिए। मनमोहन ने कहा कि उन्हें खुशी है कि पीएम मोदी ने कठुआ मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी।
क्या है मामला?
- जम्मू-कश्मीर में कठुआ जिले के रासना गांव में बकरवाल समुदाय की 8 साल की बच्ची को 10 जनवरी में अगवा किया गया था। एक हफ्ते बाद घर से कुछ दूर उसका शव बरामद हुआ था। पुलिस की चार्जशीट के मुताबिक, बच्ची की गैंगरेप के बाद हत्या की गई थी। आरोप गांव के एक मंदिर के सेवादार पर लगा। कहा जा रहा है कि बकरवाल समुदाय को गांव से बेदखल करने के इरादे से यह साजिश रची गई थी। इस मामले में एक नाबालिग समेत 8 लोगों को आरोपी बनाया गया है। सभी को गिरफ्तार किया जा चुका है। सेशन कोर्ट इस केस की 28 अप्रैल को सुनवाई करेगा।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.