पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंभोपाल. भाजपा प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक व केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से चर्चा के बाद शुक्रवार शाम प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत से दो घंटे तक पार्टी कार्यालय में बात की। इस दौरान विधानसभा चुनावों को लेकर बात हुई। वर्तमान में चल रही विकास यात्राओं और पार्टी के भीतर चुनावी रणनीति के तहत नई कमेटियों को बनाने पर विचार किया गया। यह तय किया गया कि पार्टी के सीनियर नेताओं के अनुभवों को कैसे उपयोग में लिया जाए। तोमर शनिवार को भी भोपाल में रहेंगे और संगठनात्मक चर्चाएं करेंगे।
इधर, सुहास भगत से बैठक के बाद तोमर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता पूरी तरह चुनाव के लिए तैयार हैं। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की यात्रा को लेकर भी उन्होंने कहा कि इससे भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ने वाला। कर्नाटक चुनावों में कांग्रेस के आरोपों पर तोमर ने कहा कि कांग्रेस नेता किस मुंह से लोकतंत्र की बात कर रहे हैं, जबकि उन्होंने ही सबसे ज्यादा बार इसकी मर्यादाएं तोड़ी हैं। गला घोंटा है। जहां तक गोवा और बिहार में भी सियासत बढ़ने की बात है तो मैं कहना चाहता हूं कि कर्नाटक के मसले को वहीं तक सीमित रखना चाहिए।
इधर मुख्यमंत्री ने की केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात
सीएम ने शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह, थावरचंद गेहलोत और नरेंद्र सिंह तोमर से निवास पर चर्चा की। बताया जा रहा है कि ये नेता आने वाले दिनों में मप्र में सक्रिय होंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भी मप्र के 51 जिलों में जाकर चुनाव की समीक्षा करेंगे।
सरकार के लिए हमारे पास सक्षम नेतृत्व : राकेश सिंह
इधर भोपाल संभाग की बैठक में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि चौथी बार भी सरकार बनानी है। हमारे पास सक्षम नेतृत्व और विचारधारा है। कांग्रेस तो सत्ता के बगैर बेचैन हो गई है। दुनिया की बड़ी से बड़ी ताकतें नहीं चाहती कि नरेंद्र मोदी फिर प्रधानमंत्री बनें।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.