पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंभोपाल. भारत सरकार के फिल्म समारोह निदेशालय द्वारा घोषित राष्ट्रीय पुरस्कारों में सिनेमा पर सर्वोत्तम लेखन की श्रेणी में विशेष उल्लेख के साथ भोपाल के फिल्म समीक्षक एवं सिने-विश्लेषक सुनील मिश्र को पुरस्कृत किया जायेगा। इस आशय की घोषणा शुक्रवार को राष्ट्रीय पुरस्कार समिति के अध्यक्ष प्रख्यात फिल्म निर्देशक शेखर कपूर ने सभी श्रेणी के सम्मानों के चयनित कलाकारों और लेखकों के नाम के साथ की। सुनील मिश्र मध्य प्रदेश संस्कृति विभाग में कार्यरत हैं।
-सिनेमा पर सर्वोत्तम लेखन की श्रेणी में श्रेष्ठ पुस्तक तथा श्रेष्ठ समीक्षा पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। श्री मिश्र को यह सम्मान श्रेष्ठ समीक्षा के लिए प्राप्त होगा। सुनील मिश्र भोपाल निवासी हैं और विगत 20 से भी अधिक वर्षों से सिनेमा पर विश्लेषणात्मक लेखन के लिए जाने जाते हैं। राज्य एवं देश के अनेक उत्कृष्ट अखबारों में वे निरन्तर लिखते रहे हैं।
-आकाशवाणी एवं दूरदर्शन के अलावा अनेक चैनलों के लिए उन्होंने सिनेमा केन्द्रित कार्यक्रमों का समन्वय-संयोजन किया है। वह माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्व वि़द्यालय के अनेक सत्रों में फिल्म पत्रकारिता की कक्षाएं भी लेते रहे हैं।
-देश में सिनेमा पर एकाग्र अनेक वैचारिक समारोहों में भी उनको निमंत्रित किया जाता रहा है। वे वर्षों से अन्तर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह में सहभागी रहे हैं। उन्होंने अमिताभ बच्चन पर एक किताब एक दशक पहले लिखी थी।
हृषिकेश मुखर्जी पर लिख रहे हैं किताब
-कुछ समय से वे प्रख्यात फिल्मकार हृषिकेश मुखर्जी पर एक किताब तैयार कर रहे हैं। श्री मिश्र, भारत सरकार के विज्ञान एवं तकनीकी शब्दावली आयोग द्वारा सिनेमा एवं रंगमंच पर तैयार किए गये परिभाषा कोष की सलाहकार समिति में भी रहे हैं। यह सम्मान मई माह में नई दिल्ली में आयोजित एक गरिमामय समारोह में भारत के माननीय राष्ट्रपति जी द्वारा प्रदान किया जायेगा।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.