पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंनिर्मली (सुपौल). देश के लिए शहीद सैनिकों के परिवारों को आर्थिक मदद पहुंचाने के उद्देश्य से फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार की पहल पर राष्ट्रव्यापी अल्ट्रा मैराथन ‘भारत के वीर’ के धावक समीर सिंह बुधवार को एनएच-57 से होकर गुजरने के दौरान सुपौल के निर्मली प्रखंड के मझारी पहुंचे।
अल्ट्रा मैराथन धावक समीर सिंह ने बताया कि विगत 1 दिसम्बर 2017 से वाघा बाॅर्डर से उन्होंने यात्रा प्रारंभ की। इसके बाद से रोज तकरीबन 70 से 100 किलोमीटर की दूरी तय कर रहे हैं। अल्ट्रा मैराथन के दौरान इसी साल 6 फरवरी को उन्हें खबर मिली कि उनकी मां का देहांत हो गया। उन्हें इस खबर से काफी तकलीफ भी हुई लेकिन उन्होंने सफर नहीं छोड़ा। इस वजह से वे मां के अंतिम संस्कार में भी शामिल नहीं हो पाए।
अबतक 23 राज्यों का कर चुके हैं भ्रमण
समीर ने बताया कि सुबह के 5-6 बजे से दौड़ शुरू देते हैं और रात के करीब 10 से 12 बजे तक दौड़ लगाते हैं। अब तक करीब 12 हजार किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कर देश के 23 राज्यों का भ्रमण कर चुके हैं और पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, आंध्रप्रदेश, उड़ीसा, मेघालय, त्रिपुरा, मिजोरम, मणिपुर, नगालैंड, पश्चिम बंगाल आदि राज्यों होकर गुजरे। संपूर्ण भारत में करीब 15000 किलोमीटर दौड़ लगाकर पुनः वाघा बाॅर्डर तक पहुंचना उनका लक्ष्य है। इस दौरान वे लोगों को ‘भारत के वीर’ पोर्टल के माध्यम से लोगों को शहीदों के परिवार के लिए आॅनलाइन मदद करने की अपील करते हैं।
राॅ में जाकर देशसेवा करना चाहते थे
मूलतः मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के रहने वाले समीर गरीब किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं। बचपन से ही देश के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा था। राॅ में शामिल होना चाहते थे। लेकिन गांव में पर्याप्त सुविधा नहीं मिल पाने से महज चौथी कक्षा तक पढ़ पाए और उनका सपना अधूरा रह गया। परन्तु अक्षय कुमार के कैम्पेन के माध्यम से देश व शहीदों के लिए कुछ करने का मौका मिला।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.