पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंरायपुर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भानुप्रतापपुर से गुदुम के बीच नई चमचमाती हुई ट्रेन का लोकार्पण तो कर दिया, लेकिन इस रूट के लोगों को इस ट्रेन में सफर करने का मौका नहीं मिलेगा। दरअसल रेलवे ने सिर्फ उद्घाटन करवाने के लिए नई तकनीक, नई और चमकती हुई साफ बोगियों से लेस स्पेशन ट्रेन गोंदिया से मंगवाई थी। लोकार्पण के बाद यह ट्रेन भानुप्रतापपुर से दुर्ग तक चली भी। लेकिन उसके बाद वहीं से गोंदिया लौटा दी गई। उसकी जगह शनिवार से फिर वही ट्रेन दौड़ने लगी है, जिसके बारे में अक्सर शिकायत मिलती है कि कहीं भी इंजन फेल होने के बाद यह इस तरह खड़ी हो जाती है कि दुर्ग से इंजन या स्पेशल ट्रेन भेजनी पड़ती है।
- रायपुर से दल्लीराजहरा के बीच अभी एक डीएमयू (दोनों तरफ इंजन) वाली ट्रेन चलाई जा रही है। इसे ही गुदुम तक बढ़ाया गया था। गुदुम से अब यह भानुप्रतापपुर तक जाएगी। डीजल इंजन वाली इस ट्रेन का लोकार्पण प्रधानमंत्री से करवाएं या नहीं, इसे लेकर रेलवे अफसर बेचैन थे क्योंकि उन्हें पता था, यह कहीं भी फेल हो जाती है। कुछ अरसा पहले गुदुम से दुर्ग आते समय यह ट्रेन रास्ते में खड़ी हो गई थी। इंजन इस तरह खराब हुआ था कि इस ट्रेन के यात्रियों को दुर्ग तक लाने के लिए स्पेशल ट्रेन भेजनी पड़ी थी। यही नहीं, यात्रियों को खाना भी खिलवाना पड़ गया था। ऐसी कोई अनहोनी लोकार्पण के दौरान न हो जाए, इसलिए रेलवे ने इसी डीएमयू से लोकार्पण का रिस्क नहीं लिया। तय हुआ कि नई ट्रेन मंगवाकर उसी से लोकार्पण करवाया जाए।
लाई गई बेहतरीन ट्रेन, स्टेशन आने से पहले हुआ डिस्प्ले
- भानुप्रतापपुर से गुदुम तक जिस ट्रेन को पीएम ने रवाना किया, उस ट्रेन की हर बोगी में बेहतरीन डिस्प्ले वगैरह लगे हैं। ये हर स्टेशन में पहुंचने के बाद वहां का नाम डिस्प्ले करते हैं। यही नहीं, कोच में लगे स्पीकर से यात्रियों को बता दिया जाता है कि कौन सा स्टेशन आने वाला है। इसकी सीटें भी गद्दी वाली हैं। इस ट्रेन में 1600 हार्स पावर का नया और ताकतवर इंजन लगा था। यानी रेलवे ने किसी तरह का कोई जोखिम नहीं उठाया था।
नई ट्रेन मंगवाई कार्यक्रम में संशोधन की वजह से
- रेलवे अफसरों ने इस बात को खारिज कर दिया कि पुरानी ट्रेन बिगड़ सकती थी, इसलिए गोंदिया से लोकार्पण के लिए नई ट्रेन मंगवानी पड़ी थी। मंडल संचालन प्रबंधक रविश कुमार सिंह ने बताया कि गुदुम तक पहले से चल रही ट्रेन को भानुप्रतापपुर ले जाने से यात्रियों को थोड़ी दिक्कत हो सकती थी। इसके अलावा, पीएम मोदी के कार्यक्रम में थोड़ा संशोधन हो गया था। पीएम ने इस ट्रेन को भानुप्रतापपुर से दोपहर 12.30 की जगह 1.41 बजे ने हरी झंडी दिखाई, जबकि इस ट्रेन के गुदुम से छूटने का समय ही दोपहर 1.42 बजे है। कार्यक्रम में देरी की आशंका थी, इसीलिए तय किया कि लोकार्पण स्पेशल ट्रेन से करवा लेते हैं। इसके बाद पुरानी ट्रेन ही चलाई जाएगी।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.