एनएसी मार्केट में अवैध तौर पर खड़ी हैं बसें व ट्रक
विभाग भी बने हैं लापरवाह...उधर नगर निगम एन्फोर्समेंट विंग के अधिकारी और पार्किंग विंग के अधिकारी एक दूसरे पर इसकी ज़िम्मेदारी सौंप रहे हैं। एक तरफ जहां एन्फोर्समेंट विंग के अधिकारी का कहना है कि इन बसों को हटाने का ज़िम्मा पार्किंग विंग का है। जबकि पार्किंग विंग के अधिकारियों का कहना है कि इन बसों को हटाने का जिम एन्फोर्समेंट विंग की है। इन दोनों विभागों की गैर जिम्मेदारी का खामियाजा दुकानदार भुगत रहे हैं।
मनीमाजरा की एनएसी मार्केट में अवैध तौर पर रोजाना काफी संख्या में टूरिस्ट बसें व ट्रक खड़े होते हैं। इसी को लेकर यहां के दुकानदार आए दिन परेशान हो रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि रोजाना यहां बसें खड़ी रहती हैं, जिस कारण उन्हें अपने वाहन खड़े करने के लिए जगह नहीं मिलती है। इसके अलावा उनकी दुकानों में आने वाले ग्राहक भी अपने वाहन खड़े नहीं कर पाते हैं। इसी को लेकर उन्होंने इस बारे में नगर निगम के अधिकारियों को भी शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन कोई भी कार्रवाई नहीं हुई है। मार्किट की ओर से केआर महाजन का कहना है कि इसकी शिकायत कई बार दी गई है, लेकिन निगम के अधिकारी इन पर कोई कार्रवाई नहीं करते।
निगम को हो रहा वित्तीय नुकसान: दुकानदारों का कहना है कि नगर निगम द्वारा यहां फन रिपब्लिक के पीछे टूरिस्ट बसों के लिए पार्किंग बनाई गई है। वहां पर यह बसें खड़ी नहीं होती, जबकि नगर निगम को एसी बसें वहां खड़ी करवानी चाहिए। इन बसों के नगर निगम द्वारा तय की गई पार्किंग पर खड़े न होने से निगम को वित्तीय नुकसान भी हो रहा है, जबकि तय पार्किंग में मकैनिकों द्वारा कब्जा किया हुआ है। महाजन ने कहा कि यहां पर काफी संख्या में टूरिस्ट बसें और ट्रक खड़े रहते हैं। इसके कारण जगह न होने के चलते कई बार हादसे भी होते हैं। यहां वाहन खड़े करने वाले लोग यदि इन बसों के आगे अपने वाहन खड़े कर देते हैं तो उनको टक्कर भी मार दी जाती हैं, जिस कारण दुकानदार और ग्राहकों के वाहनों को काफी भी हो चुका है। कांग्रेस के नेता संजय भजनीं, सुरजीत ढिल्लों प्रदीप मनचंदा का कहना है कि जिस किसी अधिकारी की भी जिम्मेदारी बनती है उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। काफी समय से दुकानदार इसकी शिकायत कर रहे हैं, लेकिन अधिकारी की सुनवाई नहीं कर रहे।