पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

बसें होंगी सेनेटाइज, विदेश से लौटे 1754 पर नजर

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

काेरोना वायरस से निपटने के लिए हरियाणा रोडवेज ने सभी बसों को सेनेटाइज करने का निर्णय लिया है। रोडवेज की ओर से इस संदर्भ में एडवाइजरी जारी कर दी गई है। जो भी बस डिपो से दूसरे डिपो तक जाएगी, पहुंचते ही बस की धुलाई की जाएगी। यही नहीं इसमें स्प्रे भी किया जाएगा। ठीक इसी तरह के आदेश निजी बसों में भी लागू होंगे। यही नहीं बसों के कंडक्टरों को भी सेनेटाइजर साथ रखना होगा, वे टिकट देने के बाद हाथ धोते रहेंगे। इससे रोडवेज के कर्मचारी भी इस वायरस के प्रभाव से दूर रहेंगे। हरियाणा रोडवेज के डीजी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि एडवाइजरी जारी कर दी गई है। क्योंकि रोडवेज की बसों में रोजाना करीब 10 लाख लोग सफर करते हैं। ऐसे में रोडवेज ने यह निर्णय लिया है। ताकि बसों में सफर करने वाले यात्रियों को किसी तरह की दिक्कत न हो। दूसरी ओर प्रदेश में सरकार द्वारा मॉस्क, सेनिटाइजर एवं अन्य आवश्यक उपकरणों की कोई कमी नहीं है।

कालाबजारी की खैर नहीं है

मास्क और सेनेटाइजर की कालाबाजारी करने वालों की अब खैर नहीं है। सरकार ने इसके लिए विशेष चैकिंग अभियान चलाने का निर्णय लिया है। धरपकड़ भी होगी और उन्हें सात साल तक की सजा भी हो सकती है। इस संदर्भ में सरकार ने सरकार की अधिसूचना को लागू कर दिया है। अधिक दाम पर बिक्री करना किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा। सरकार ने दवा गोदाम, कैमिस्ट शॉप और फार्मेसी पर निरीक्षण करने की जिम्मेदारी सभी जिलों के खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रकों को सौंप दी है।

वायरस से घबराएं नहीं : सीएम

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कोरोना वायरस को लेकर प्रदेशवासियों का आह्वान किया कि इससे डरने या घबराने की जरूरत नहीं है। इससे बचने के लिए सफाई का ध्यान रखें, खांसते व छिंकते समय मुहं व नाक पर रूमाल रखें। हाथों को साबुन से बार-बार धोएं और भीड़ वाली जगहों पर जाने से बचें, यदि जाएं भी तो मास्क पहन कर जाएं। एक संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जानते हैं कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कोरोना वायरस को महामारी घोषित किया है।

ये सावधानियां रखनी होंगी

आदेश }टॉयलटों में भी सेनेटाइजर: हरियाणा राज्य परिवहन ने सभी बस अड्‌डों पर बने टॉयलटों में भी सेनेटाइजर रखने के आदेश दिए हैं। इसके लिए सभी डिपुओं के जीएम को आदेश जारी हुए हैं। हर रोज सफाई की देखरेख करने की जिम्मेदारी रोडवेज के आला अधिकारियों की होगी।

जांच }रोहतक-खानपुर मेडिकल कॉलेजों की लैब में होगी जांच: कोरोना की जांच के लिए पीजीआईएमएस रोहतक व बीपीएस खानपुर कलां मैडिकल कालेज में दो लैब चुनी गई हैं। प्रदेश में मरीजों के इलाज एवं निगरानी के लिए 298 आइसोलेशन वार्ड, जिसमें 1328 बैड बनाए हैं। राज्य में क्वारंटाइन के लिए विभिन्न संस्थानों में 219 कमरे और 1040 बैड चिन्हित किए गए हैं।

राहत }अब तक 40 रिपोर्ट नेगेटिव: 12 मार्च तक कोरोना वायरस का हरियाणा का कोई भी मरीज नहीं है। इटली से आए कुछ नागरिक जो पोजीटिव पाए हैं उनको गुड़गांव में रखा है। विदेश यात्रा से लौटे कुल 1754 व्यक्तियों को निगरानी में रखा है, जिनमें से 44 लोगों में लक्षण पाए जाने पर उनके सैंपल लिए गए। इनमें से 40 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव पाई गई। 4 सैंपलों की रिपोर्ट आनी शेष है।

मलेशिया से लौटा संदिग्ध मरीज भर्ती

कैथल | संदिग्ध 29 वर्षीय युवक को जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया है। सैंपल के लेकर जांच के भगत फूल सिंह मेडिकल कॉलेज सोनीपत भेज दिए गए हैं। दो या तीन दिन के अंदर रिपोर्ट आ जाएगी। इसके बाद ही पुष्टि हो पाएगी। युवक पांच दिन पहले ही मलेशिया से लौटा था।

हकेंवि की कक्षाएं 31 तक स्थगित

महेंद्रगढ़ | कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे के मद्देनजर हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेंवि), महेंद्रगढ़ ने अधिसूचना जारी की है। विवि के कुलसचिव श्रीराम दत्त ने बताया कि 31 मार्च तक सभी कक्षाएं व पुस्तकालय संबंधित सेवाएं स्थगित कर दी गई हैं, लेकिन शिक्षकों द्वारा ई-संसाधनों के माध्यम से शिक्षण सामग्री विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जाएगी।

गंतव्य तक पहुंचते ही होगी वाशिंग, सेनेटाइज करने के आदेश, कंडक्टर को सेनेटाइजर रखने की हिदायत

हरियाणा रोडवेज की बसों को सेनेटाइज करते कर्मचारी। इनमें रोज 10 लाख यात्री सफर करते हैं।
खबरें और भी हैं...