चंडीगढ़ की मान कौर को मिला नारी शक्ति पुरस्कार
}चंडीगढ़. अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने चंडीगढ़ की 103 साल की मान कौर को एथलेटिक्स में उपलब्धियों के लिए नारी शक्ति पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। मान कौर ट्रैक एंड फील्ड एथलीट हैं। उन्होंने 93 साल की उम्र में दौड़ना शुरू किया था। आज 100 ईयर कैटेगरी में मान के नाम कई रिकॉर्ड दर्ज हैं। मान ने वर्ल्ड मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी कई गोल्ड मेडल जीते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मान कौर की तारीफ कर चुके हैं। मोदी ने खेल दिवस के मौके पर ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ के समय मान कौर को बधाई दी थी। उन्होंने कहा था कि मान कौर सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं, उनसे सभी को मोटिवेशन लेनी चाहिए। नारी शक्ति पुरस्कार महिलाओं को दिया जाने वाला देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। मान कौर को केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय से इस संबंध में पत्र मिला था। उन्हें दो लाख रुपए और सर्टिफिकेट दिया गया है। मान कौर का जन्म 1 मार्च 1916 को हुआ था। मान कौर ने वर्ल्ड मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कई गोल्ड मेडल जीते हैं। मान कौर ने 2007 में चंडीगढ़ मास्टर्स एथलेटिक्स मीट में अपना पहला मेडल जीता था। वह 2017 में ऑकलैंड में वर्ल्ड मास्टर्स गेम्स में 100 मीटर की दौड़ जीतकर चर्चा में आई थीं। उन्होंने पोलैंड में हुई वर्ल्ड मास्टर्स एथलेटिक्स में ट्रैक एवं फील्ड में चार गोल्ड मेडल जीते थे।