डीएसडब्ल्यू से एनएसयूआई गर्ल्स विंग ने की शिकायत
{लड़कियों को जबरन रोककर रंग लगाने की वीडियो हुई है वायरल
पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस में लड़कियों से होली वाले दिन बदतमीजी को लेकर नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के गर्ल्स विंग की इंचार्ज पहुल कौर ने डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर (डीएसडब्ल्यू) वुमन प्रो. नीना कपिलाश को इस बारे में लेटर भी लिखा है।
कैंपस में होली वाले दिन लड़कियों को जबरन रास्ते में रोककर रंग लगाने की वीडियो वायरल है। इसी वीडियो के आधार पर पाहुल ने यह लेटर लिखा है। इस शिकायत को आधार बनाते हुए डीएसडब्ल्यू वुमेन ने चीफ ऑफ यूनिवर्सिटी सिक्योरिटी प्रो. अश्विनी कौल से सुरक्षा इंतजाम को लेकर रिपोर्ट मांगी है। प्रो. कौल ने ऐसी किसी भी घटना के प्रति अनभिज्ञता जताते हुए कहा है कि कार्रवाई तभी होगी यदि कोई स्टूडेंट सामने आएगा। एनएसयूआई स्टूडेंट नेता ने लिखा है कि वायरल हुआ वीडियो बहुत चिंता का विषय है। यूनिवर्सिटी को होली वाले दिन के टॉपर प्रॉपर चेकिंग करनी चाहिए थी ताकि बाहर के लोग कैंपस के अंदर ना आए। इतनी बड़ी संख्या में लड़कों के बीच लड़कियां घबरा कर निकल गई लेकिन पुलिस या सिक्योरिटी कर्मी उस समय कहां थे। डीएसडब्ल्यू वूमेन प्रो. नीना का कहना है कि उनके पास ईमेल आई थी और उन्होंने तुरंत स्टूडेंट को वापस ईमेल करके मीटिंग के लिए पहुंचने को कहा था। ई-मेल में स्टूडेंट का नंबर नहीं था लेकिन इस बीच चीफ ऑफ यूनिवर्सिटी सिक्योरिटी से उन्होंने पूरे मामले पर रिपोर्ट देने के लिए कहा है।