पंजाब एफसी की टॉप-3 पोजिशन को खतरा
{कश्मीर व ट्राऊ एफसी के बीच मैच के विजेता को मिलेगा सेकंड स्पॉट
}चंडीगढ़. हीरो आईलीग में पंजाब की टीम लगातार टॉप-3 टीमों में बनी हुई थी लेकिन अब पंजाब की पोजिशन खतरे में है। रियल कश्मीर और ट्राऊ एफसी के बीच मैच शनिवार को होना है। जो भी टीम इस मुकाबले में जीतती है वो दूसरे स्थान पर पहुंच जाएगी। टीम पंजाब अभी टैली में तीसरे स्थान पर है और सेकंड स्पॉट पर ईस्ट बंगाल है।
नेरोका के साथ पिछले लीग मैच में पंजाब की टीम अपनी लय में नहीं दिखी और फिलिप ने नेरोका की ओर से पहला गोल चौथे मिनट में ही दाग दिया। इस गोल के बाद पंजाब ने अटैक को संभाला। डीका ने चार मिनट बाद ही गोल किया और स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया। पहले हाफ में दोनों ओर से गोल की कोशिशें होती रही लेकिन 37वें मिनट में एक बार फिर से नेरोका को लीड मिल गई। फिलिप के दूसरे गोल ने स्कोर 2-1 कर दिया। हाफ टाइम तक यही स्कोर रहा।
सेकंड हाफ में पंजाब के गिरिक खोसला ने 59वें मिनट में गोल किया। काफी देर तक स्कोर 2-2 बना रहा और 75वें मिनट में नेरोका को पंजाब की गलती से लीड मिली। डेनिलो ने ओन्ड गोल करके स्कोर 3-2 कर दिया। नेरोका के लिए फिलिप ने 82वें मिनट में हैट्रिक पूरी की। मेजबान नेरोका ने 86वें मिनट में गलती की और पंजाब को पेनल्टी मिल गई। इस पर डीका ने गोल किया और टीम को 4-3 पर ला दिया। अंतिम समय में कोशिश के बाद भी पंजाब स्कोर बराबर नहीं कर सका।