- Hindi News
- National
- Chandigarh News Sidhu Created His Youtube Channel Named 39jeetga Punjab39
सिद्धू ने बनाया ‘जीतेगा पंजाब’ नाम से अपना यू-ट्यूब चैनल, बाेले- पंजाब पर बरसाें से 4-5 हुक्मरानों का कब्जा
प्रदेश मंत्रिमंडल से इस्तीफा देकर 9 महीने से मौन पूर्व लोकल बॉडीज मिनिस्टर नवजोत सिंह सिद्धू दोबारा सामने अा गए हैं। इस बार उन्होंने साेशल मीडिया पर ‘जीतेगा पंजाब’ नाम से खुद का चैनल शुरू किया है। शनिवार काे इस चैनल पर पोस्ट पहले वीडियो में सिद्धू ने अपने चिर-परिचित स्टाइल में पंजाब के लोगों को अपना ‘मेहरम’ और ‘रहबर’ बताते हुए कहा कि लंबे चिंतन के बाद उन्होंने यह रास्ता चुना है, जहां वह सिर्फ जनता की आवाज बुलंद करेंगे। अमृतसर स्थित अपनी कोठी में शूट किए गए इस वीडियो में सिद्धू ने कांग्रेस पार्टी या मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का जिक्र न कर अलग राह पर चलने के संकेत दिए। पतझड़ के बाद बहार अाने का उदाहरण देते हुए सिद्धू ने लाेगाें से गुरुघर में अपना विश्वास बनाए रखने और पंजाब काे दुनिया के सबसे बड़े ब्रान्ड के रूप में दोबारा स्थापित करने की अपील की।
कहा-अपनी बात लाेगाें तक ज्यों की त्यों पहुंचाने के लिए शुरू किया चैनल
वीडियो में दरबार साहिब, बाज और महाराजा रणजीत सिंह काे दिखाने वाले सिद्धू ने चैनल के ‘लोगो’ में उड़ते हुए बाज को रखा है। सिद्धू ने भगत सिंह के जरिये संघर्ष, महाराजा रणजीत सिंह के जरिये इंसाफ और बाज के जरिये शक्ति व दूरदर्शिता का संदेश देने की कोशिश की है। सिद्धू ने कहा कि पंजाब पर कुछ बरसाें से चार-पांच हुक्मरानों ने कब्जा कर रखा है लेकिन अब वह अपने चैनल के जरिए पंजाब से जुड़े तमाम मुद्दों पर जनता से रूबरू होंगे। सिद्धू ने यू-ट्यूब चैनल लॉन्च करने की वजह भी बताई और कहा कि अपनी बात ज्यों की त्यों लाेगाें काे पहुंचाने के लिए उन्होंने एेसा किया है।
चैनल से सियासत गरमाई...सिद्धू के चैनल लॉन्च करने के साथ ही पंजाब की सियासत गरमा गई है। इससे पहले 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले भी सिद्धू ने भाजपा छाेड़कर पहले बैंस बंधुओं के साथ मिलकर तीसरा माेर्चा बनाया और फिर उनके अाम आदमी पार्टी से जुड़ने की चर्चा चली, मगर अंतत: वह कांग्रेस में चले गए मगर लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान सीएम कैप्टन से मतभेदों के चलते सिद्धू 21 जुलाई 2019 को चंडीगढ़ की सरकारी कोठी खाली कर अमृतसर लौट अाए थे।