योजनाओं पर जमीनी स्तर पर काम शुरू करें: सीएम
सीएम मनोहर लाल ने विभिन्न विभागों के प्रशासनिक सचिवों के साथ पहली पोस्ट-बजट बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में उन्होंने वर्ष 2020 के बजट में घोषित अपने विभागों से संबंधित विभिन्न योजनाओं को व्यावहारिक रूप देने के लिए निगरानी और कार्यान्वयन के लिए जमीनी स्तर पर कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। सीएम ने मार्च 2020 में ही योजनाओं और कार्यक्रमों को पूरा करने के लिए समय-सारिणी को अंतिम रूप देने और प्रेषित करने के निर्देश दिए, ताकि उनके कार्यान्वयन की प्रक्रिया तुरंत शुरू हो सके। उन्होंने कहा कि बजट में योजनावार धन का आवंटन किया गया है और विभाग को अपनी कार्य योजना इस प्रकार तैयार करनी चाहिए कि जिन योजनाओं से लोगों को अधिक लाभ हो उन्हें शीघ्रातिशीघ्र कार्यान्वित किया जाए। सीएम ने कहा कि राज्य सरकार के पास विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है, विभाग निर्धारित समय सीमा का कड़ाई से पालन करें ताकि कार्य को समयबद्घ रूप से क्रियान्यित किया जा सके। शहरी स्थानीय निकाय और पंचायती राज संस्थानों द्वारा अपने प्रशासनिक सशक्तीकरण के लिए आय के स्वयं के संसाधन सृजित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाने चाहिए कि शहरी और ग्रामीण विकास से संबंधित विकास कार्य ठीक से क्रियान्वित किया जाए।
विभिन्न विभागों के प्रशासनिक सचिवों के साथ सीएम ने की पहली पोस्ट-बजट बैठक
बैठक में विभिन्न विभागों के अफसरों को निर्देश देते सीएम।